सामान थड़े और सड़क पर सजाना दुकानदारों को पड रहा है भारी, चोरों को पकड़वाने पुलिस की शरण में पहुंचे
– शहर में 20 दिनों में इलेक्ट्रिक और इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकानों से एलइडी टीवी, गीजर,ओवन, जूसर- मिक्सर-ग्राइंडर चोरी
– शाम को मोटरसाइकिल पर निकलते हैं दो चोर
– चुपके से सामान उठाकर हो जाते हैं रफूचक्कर
श्रीगंगानगर। शहर में दुकानदारों को दुकानों का सामान दुकान में रखने की बजाए बाहर थड़े तथा उससे आगे भी सड़क पर सजाकर रखने की आदत भारी पड़ रही है। इस तरह सजाकर रख हजारों रुपए मूल्य का सामान रोजाना चोरी हो रहा है। दो युवक शाम के समय मोटरसाइकिल पर निकलते हैं,जो अपने चेहरे मफलर से ढक कर रखते हैं। बड़े आराम से यह युवक दुकानों के बाहर रखा कीमती सामान उठाकर ले जाते हैं। दुकानदार दुकान में काम में व्यस्त या ग्राहक को अटेंड कर रहा होता है। उसे पता ही नहीं चलता कब बाहर से कोई सामान उठा ले गया। शाम को जब वह बाहर रखा सामान अंदर रखना लगता है, तब उसे पता लगता है कि कोई वस्तु गायब हो गई है। फिर वह अपनी दुकान में और अगल-बगल की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को देखा है। उसमें दो युवक सामान ले जाते दिखाई देते हैं। तब तक देर हो चुकी होती है। पिछले 20-22 दिनों से शहर में ऐसी लगातार चोरियां हो रही हैं।ज्यादातर चोरियां गोल बाजार के अंबेडकर चौक तथा इसके आसपास के बाजार की दुकानों पर हुई हैं। कुछ चोरियां सेतिया कॉलोनी, सी ब्लॉक, बी ब्लॉक मीरा चौक और जवाहरनगर थाना के नजदीक भी घटित हुई हैं। लगभग दो दर्जन दुकानदार आज अपने मोबाइल फोनों में सामान चोरी होने के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज तथा संयुक्त व्यापार मंडल के अध्यक्ष तरसेम गुप्ता, महामंत्री रोमी चुघ, विनोबा बस्ती दुर्गा मंदिर मार्केट एसोसिएशन के नरेंद्र चौधरी, रेडीमेड गारमेंट एसोसिएशन के नीटा सुखीजा आदि को लेकर कोतवाली में पहुंचे। कोतवाल सीआई पृथ्वीपालसिंह को फुटेज दिखाते हुए चोरों को पकड़ने की गुहार लगाई। किसी दुकानदार ने बताया कि उसके दो गीजर चोरी हो गए तो किसी ने बताया कि काफी कीमती एलइडी टीवी गायब हो गया है। अंबेडकर चौक में जलेबी की दुकानों के सामने इलेक्ट्रॉनिक और इलेक्ट्रिक आइटम की तीन-चार दुकानें हैं। इन दुकानों से माइक्रोवेव ओवन, गीजर और जूसर-मिक्सर चोरी हुए हैं। सेतिया कॉलोनी रोड पर भी एक ऐसी ही दुकान के संचालक ने भी बाहर रखा गीजर चोरी हो जाना बताया।बी ब्लॉक में एक इलेक्ट्रॉनिक की दुकान से भी दो गीजर चोरी हो गए। सी ब्लॉक में विवेकानंद पार्क के पास एक दुकान के बाहर रखा काफी कीमती एलइडी टीवी 25 दिसंबर की शाम 7:45 और 8 बजे के बीच चोरी हो गया। मीरा चौक में भी एक इलेक्ट्रॉनिक की दुकान के संचालक ने बताया कि उसके यहां से जूसर मिक्सर तथा गीजर चोरी हुए हैं।जवाहरनगर थाना के समीप एक ट्रांसपोर्ट कंपनी के बाहर रखे सामान में से चाय पत्ती के दो कट्टे चोरी हो गए। एक कट्टे की कीमत लगभग 8 हजार रुपए थी। एक होलसेलर परचून दुकानदार के बाहर रखा 15 लीटर घी का टीन भी गायब हो गया।
ऐसे करते हैं चोरी
दुकानदारों ने कोतवाल को बताया कि मोटरसाइकिल पर दो युवक शाम 5 बजे के बाद इलेक्ट्रिक और इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकानों के आसपास घूमने लगते हैं। यह युवक बड़ी होशियारी से वारदात को अंजाम देते हैं। एक युवक दुकान के बिल्कुल सामने मोटरसाइकिल स्टार्ट करके रखता है। दूसरा युवक दो-तीन मिनट तक उसके पास खड़े रहकर मोबाइल देखने का नाटक करता है या मोटरसाइकिल स्टार्ट किए खड़े युवक से बात करता रहता है।फिर वह चुपके से दुकान के थड़े पर जाकर खड़ा हो जाता है। जैसे ही वह अंदर दुकानदार को अपने काम में व्यस्त या ग्राहकों को अटेंड करते देखता है, वह बाहर रखा कीमती सामान तुरंत ही उठाकर मोटरसाइकिल पर आकर बैठ जाता है।देखते ही देखते दोनों गायब हो जाते हैं। एक दुकानदार ने बताया कि उसे तुरंत ही समान गायब होने का पता चला तो वह उक्त चोरों के पीछे भाग लेकिन ब्लॉक एरिया में चुघ हॉस्पिटल के आसपास की गलियों में चोर गायब हो गए। तरसेम गुप्ता ने बताया कि चोर दुकानों के बाहर रखी महंगी वस्तुएं ही उठते हैं। रेडीमेड कपड़ों या अन्य दुकानों का सामान नहीं उठाते।
कई दिनों से कर रहे हैं शिकायत
दुकानदारों ने बताया कि वह पिछले कई दिनों से कोतवाली आकर चोरी की वारदातें होने के बारे में बता रहे हैं।ड्यूटी ऑफिसर को रिपोर्ट देते हैं और सीसी कैमरे की फुटेज भी दिखाते हैं लेकिन पुलिस कोई कार्यवाही नहीं कर रही। जानकारी के अनुसार दुकानदारों द्वारा की जा रही लगातार शिकायतें ड्यूटी ऑफिसर आगे थाना प्रभारी तक पहुंचा ही नहीं रहे थे। वैसे भीवर्ष के अंतिम दिन होने के कारण पुलिस लंबित प्रकरणों को निपटाना पर ही जोर दिए हुए हैं।
कल शाम भी गोल बाजार में एक ऐसी ही घटना हुई तो आज पीड़ित दुकानदार व्यापारी नेताओं को लेकर कोतवाली में पहुंचे। कोतवाल से लगभग आधे घंटे तक इन वारदातों के बारे में डिस्कशन हुआ। इस डिस्कशन में पुलिस और दुकानदारों ने मिलकर चोरों को पकड़ने की कार्य योजना बनाई है। वहीं कोतवाल ने दुकानदारों से आग्रह किया है कि वे उनके यहां से चोरी हुए सामान का विवरण और अगर चोरी का फुटेज भी हैं तो उनको उपलब्ध करवायें। वह एक टीम का गठन करने जा रहे हैं। कोतवाल ने एक हफ्ते में चोरों को पकड़ लेने का आश्वासन दिया है। साथ ही दुकानदारों से भी आग्रह किया है कि वह अपने सामान के प्रति सचेत रहें। अब अगर कहीं घटना होती है तो तुरंत सीधे उनको बताया जाए।उस पर तुरंत कार्यवाही होगी। कोतवाल ने दुकानदारों से कहा कि अगर वे चोर को पकड़ लेते हैं तो उससे मारपीट नहीं करें बल्कि उसे सीधे थाने में ले आए या पुलिस को सूचना दें।
मेरी तौबा, अब बाहर नहीं रखूंगा सामान!
अंबेडकर चौक में एक इलेक्ट्रिक और इलेक्ट्रॉनिक आइटम की मशहूर दुकान के संचालक ने बाहर थड़े तथा आगे सड़क पर सामान रखने से तौबा कर ली है। इस दुकानदार का काफी नुकसान हो चुका है। उसने बताया कि लगभग 18 हजार रुपए मूल्य का एक गीजर व कुछ अन्य सामान चोर उठा ले गए जो सीसीटीवी कैमरे में दिख रहे हैं लेकिन उनका पता नहीं चल पाया है। अपनी दुकान तथा अन्य दुकानों पर लगातार हो रही ऐसी घटनाओं को देखते हुए अब उसने सामान बाहर रखना बंद कर दिया है। दूसरे दुकानदार इन घटनाओं से कब सबक लेंगे, यह एक अहम सवाल है।
गोल बाजार में आना-जाना बहुत मुश्किल
दुकानदारों की बाहर सामान रखने की आदत के कारण गोल बाजार में लोगों का आना-जाना बहुत मुश्किल हो गया है। चौपहिया वाहन तो क्या अब तो दोपहिया वाहन भी नहीं निकल पाते। सामान सड़क पर इतना आगे तक दुकानदार रख लेते हैं कि बार-बार ट्रैफिक जाम होता है। दीपावली से पहले जब प्रशासन और पुलिस ने दुकानदारों पर नकेल कसने की कोशिश की तो भारी विरोध हुआ। दुकानदारों ने पुलिस की यातायात शाखा के बाहर धरना लगा दिया। विधायक जयदीप बिहानी के हस्तक्षेप करने पर सहमति हुई कि दुकानदार खुद व्यवस्था बनाएंगे। अगर 7 दिन में व्यवस्था नहीं बनी तो ट्रैफिक पुलिस पहले की तरह बाजार में कार्यवाही करेगी। मगर ना तो दुकानदार व्यवस्था बना पाए और ना ही सात दिन बाद ट्रैफिक पुलिस दोबारा गोल बाजार में कार्यवाही करने के लिए गई। लिहाजा इस बाजार में ट्रैफिक व्यवस्था अब पूरी तरह से चरमराई हुई है। दुकानदार पहले से भी ज्यादा बेलगाम हो गए हैं। दोनों तरफ के दुकानदारों ने सड़कें लगभग आधी रोक रखी हैं। खुद दुकानदार सुबह सवेरे अपनी कार दुकान के आगे भी लाकर खड़ी कर लेते हैं। ऐसे में ग्राहक अपनी गाड़ी या दोपहिया वाहन लेकर आते हैं तो उनको बड़ी दिक्कत होती है। इस कारण लोग अब गोल बाजार में खरीदारी करने जाने से भी कतराने लगे हैं।
