हनुमानगढ़ के व्यापारी ने ग्वार गम और कोरमा गुजरात भेजा,ट्रक बठिंडा से अवैध शराब ले जाते पकड़ा गया
व्यापारी का आधा माल गायब, आधा आबकारी विभाग के कब्जे में
श्रीगंगानगर। हनुमानगढ़ जंक्शन के एक व्यापारी ने लगभग 10 लाख रुपए मूल्य का ग्वार गम और ग्वार कोरमा श्रीगंगानगर की एक ट्रांसपोर्ट कंपनी से मंगवाए ट्रक में लोड करवा कर मेहसाना (गुजरात) को रवाना किया, मगर यह ट्रक बठिंडा से अवैध शराब लेकर वापस हनुमानगढ़ जिले से होकर गुजरात जाते हुए आबकारी विभाग की पकड़ में आ गया। उसमें 400 पेटी अवैध शराब बरामद हुई जबकि व्यापारी द्वारा लोड करवाया गया आधा माल गायब हो गया। व्यापारी ने ट्रक के मालिक के खिलाफ जंक्शन थाना में मुकदमा दर्ज करवाया है। जंक्शन पुलिस के अनुसार रीको फेज 2 में शिव शक्ति इंडस्ट्रीज के संचालक दिनेश कुमार गुप्ता (57) निवासी दुर्गा कॉलोनी द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर ट्रक (आरजे 24 जीए 2385) के मालिक एवं चालक बुद्धाराम निवासी कलिराणानगर, भोजासर तहसील फलोदी जिला जोधपुर के खिलाफ अमानत में ख्यानत का मुकदमा दर्ज किया गया है।दिनेश कुमार गुप्ता ने बताया कि उक्त ट्रक श्रीगंगानगर में ट्रांसपोर्टर जय श्रीराम ट्रांसपोर्ट कंपनी द्वारा भेजा गया था, जिसमें उसने 250 क्विंटल ग्वार गम और ग्वार कोरमा लोड करवा कर 19 दिसंबर को मेहसाना (गुजरात) की एक फर्म के लिए रवाना किया था।ट्रक में लोड किए गए माल की कीमत 9 लाख 94 हजार 250 रूपए ।उसने 50-50 किलो पैकिंग के 500 कट्टे लोड करवाए गए थे।जब 7 दिन बाद भी ट्रक गंतव्य पर नहीं पहुंचा तो संपर्क करने पर भी चालक और मालिक से संपर्क नहीं हो पाया। माल सहित ट्रक गायब हो गया। दिनेश गुप्ता द्वारा कल शाम जंक्शन थाना में दर्ज करवाए गए इस मामले की जांच कर रहे एएसआई राजाराम ने बताया कि दरअसल 19 दिसंबर को ग्वार गम और कोरमा का माल लोड होने के बाद ट्रक सीधे मेहसाना (गुजरात) नहीं गया बल्कि उसे चालक बठिंडा (पंजाब) ले गया।वहां से ट्रक में अंग्रेजी शराब की 400 पेटियां लोड कर ली। वापस जब यह ट्रक बठिंडा से संगरिया होते हुए हनुमानगढ़ आ रहा था तब 20-21 दिसंबर की रात को रास्ते में आबकारी निरोधक पुलिस ने उसे पकड़ लिया। ट्रक में ग्वार गम और कोरमा के कट्टों में छुपा कर रखी हुई 300 पेटी मैकडॉवेल नंबर एक और 100 पेटी रॉयल स्टैग शराब बरामद हुई। इसका मूल्य लगभग 30 लाख रुपए था। आबकारी निरोधक पुलिस ने ट्रक के चालक आसूराम बिश्नोई निवासी मिठड़ा खुर्द धोरीमन्ना जिला बाड़मेर को गिरफ्तार कर लिया जबकि मलिक बुद्दाराम कथित रूप से मौके पर से फरार हो गया। जांच अधिकारी एएसआई राजाराम के अनुसार जब आबकारी निरोधक पुलिस ने इस ट्रक को पकड़ा तो उसमें दिनेश कुमार गुप्ता द्वारा लोड करवाया गया ग्वार गम और कोरमा का पूरा माल नहीं मिला। उसका काफी हिस्सा गायब था।ट्रक में जो माल लोड था, वह आबकारी निरोधक पुलिस ने शराब के साथ ही जब्त कर लिया। आबकारी निरोधक पुलिस को पत्र लिखकर जानकारी ली जा रही है कि उसने ट्रक में अवैध शराब के साथ ग्वार कोरमा और गम कितनी मात्रा में जब्त किया है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए हुए चालक आसूराम को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर गायब हुए ग्वार गम और कोरमा के बारे में पूछताछ की जाएगी। जानकारी के मुताबिक उक्त ट्रक में ग्वार गम और कोरमा में छुपा कर अवैध शराब गुजरात ही ले जाई जानी थी।
