हाईवे पर कार पलटने से महिला की मौत,चार घायल
– पुलिस कर्मी के बेटे के विवाह की खुशियां मातम में बदलीं
श्रीगंगानगर। श्रीगंगानगर-सूरतगढ़ रोड नेशनल हाईवे 62 पर स्थानीय सदर थाना अंतर्गत होमलैंड सिटी कॉलोनी से आगे केएलएम होटल के पास आज सुबह एक तेज रफ्तार कार के पलटने से एक महिला की मृत्यु हो गई तथा एक किशोर सहित चार-पांच लोग घायल हो गए। एक ही परिवार के सदस्य यह सभी होमलैंड सिटी कॉलोनी से हाईवे पर स्थित अपने गांव नेतेवाला जा रहे थे। यह परिवार एक पुलिसकर्मी के बेटे की शादी के चल रहे कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए कल शाम होमलैंड सिटी कॉलोनी आया था। पुलिस ने बताया कि मृतक महिला की पहचान गांव नेतेवाला निवासी अली खान की पत्नी फूलां (45) के रूप में हुई है। घायलों में श्रीमती बिस्मिल्लाह (45), महफूज (15) और कार चालक समीर (27) शामिल है।इसके अलावा कार में अभिषेक और प्रिंसी नाम के दो बच्चे भी थे,जिनमें कोई चोट नहीं आई। समीर की हालत भी खतरे से बाहर है। दुर्घटना की जांच कर रहे सदर थाना में हवलदार महावीर ने बताया कि पुलिस विभाग में ही हवलदार शरीफ खान के बेटे की 2 जनवरी को शादी है। होमलैंड सिटी कॉलोनी निवासी शरीफ खान के घर में इन दिनों शादी के कार्यक्रम चल रहे हैं। कल रात भी एक कार्यक्रम था, जिसमें उसकी चचेरी बहन फूलां अपने परिवारजनों के साथ आई थी। वह आज सुबह करीब 9:30 बजे परिवार जनों के साथ वापस नेतेवाला गांव को रवाना हुई थी। कार को समीर चल रहा था। हाई-वे पर केएलएम होटल के समीप अचानक किसी पशु के आ जाने पर चालक ने बचने का प्रयास किया तो कार दो-तीन पलटे खाकर सीधी वापस सीधी हो गई। फूला कार में पिछली सीट पर खिड़की के पास बैठी थी। गर्दन टूट जाने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।अन्य घायलों को लोगों ने कार से निकाला और विभिन्न वाहनों से जिला अस्पताल भिजवाया। पुलिस के मुताबिक कार में सवार दो बच्चों के कोई चोट नहीं आई। समीर की हालत भी खतरे से बाहर है। बिस्मिल्लाह और महफूज का इलाज चल रहा है।बिस्मिल्लाह का पति भी पुलिस विभाग में हवलदार है। वह झुंझुनू जिले में नियुक्त है। इस हादसे से शादी समारोह की तैयारी मातम में बदल गई। पुलिस ने आज दोपहर फूला का शव पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिवार वालों के सुपुर्द कर दिया। इस हादसे को लेकर मर्ग रिपोर्ट दर्ज की गई है।
