नववर्ष की रात को युवक गया था महिला के घर
महिला के बेटे ने अपने घर ले जाकर पेड़ से बांधा, पीट-पीट कर मार दिया
श्रीगंगानगर। नव वर्ष की रात को एक युवक एक महिला के बुलाने पर उसके घर गया था। महिला का बेटा उसे अपने घर ले गया। वहां पेड़ से बांधकर अपने दोस्तों के साथ मिलकर इतनी बुरी तरह से पीटा की युवक की मृत्यु हो गई। इस युवक ने कल देर शाम को श्रीगंगानगर के जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। घटना अनूपगढ थाना क्षेत्र में चक 2 पीजीएम की है। पुलिस ने बताया कि मृतक युवक सुदेश नायक (27) के भाई सुभाष द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर महिला,उसके बेटे व दो अन्य व्यक्तियों को नामजद करते 7-8 जनों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया जा रहा है।मृतक युवक सुदेश की लाश का आज जिला अस्पताल में पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया। उसके शरीर पर काफी चोटे लगी हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार 31 दिसंबर की रात लगभग 10 बजे अनूपगढ़ थाने में नरेश मेघवाल निवासी चक 2- पीजीएम ने फोन कर बताया कि उसके घर में चोर घुस आया है,जिसे उन्होंने पकड़ रखा है। मौके पर पुलिस गई तो नरेश के घर में एक युवक को पेड़ से बंधा हुआ था। जिसके शरीर पर बहुत चोटे लगी हुई थीं। पुलिस ने युवक को अनूपगढ़ के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया जो कि सुदेश नायक था। पुलिस द्वारा रात्रि 11:30 बजे सूचना दिए जाने पर सुदेश के परिवार वाले अनूपगढ़ हॉस्पिटल में पहुंचे।हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे कल बुधवार सुबह श्रीगंगानगर के लिए रेफर कर दिया। यहां कल शाम 6:30 बजे सुदेश की मृत्यु हो गई। पुलिस के अनुसार चक 6-पीजीएम निवासी सुदेश बीकानेर में ड्राइवरी करता था। उसका चक 2-पीजीएम में पपूड़ी मेघवाल (पत्नी बुद्धाराम) के घर आना जाना था। इनमें कथित रूप से संबंध होने की संभावना से फिलहाल पुलिस ने इनकार नहीं किया है। पुलिस के अनुसार पपूड़ी ने 31 दिसंबर को फोन कर सुदेश को अपने घर बुलाया था।वह उसी दिन देर शाम को पपूड़ी के घर चला गया। पपूड़ी का बेटा नरेश(22) गांव में ही अलग मकान में रहता है। अपनी मां के घर आए सुदेश को नरेश बहाने से अपने घर ले गया। वहां पर मांगीलाल और मूलाराम (पुत्र रोशनलाल)निवासी चक 1-पीजीएम भी थे। आरोप है कि तीनों ने सुदेश को घर में एक पेड़ से बांध दिया। बताया जाता है कि इस दौरान नरेश, मांगीलाल और मूलाराम के कुछ और चार-पांच जानकार लोग आ गए। सभी ने बुरी तरह से सुदेश को पीटना शुरू कर दिया। उसे पीट-पीट कर बेहोश कर दिया। पुलिस का कहना है कि नरेश को शक था कि सुदेश के संबंध उसकी मां से है। इसी शक के चलते नरेश और उसके साथियों ने सुदेश की बेतहाशा पिटाई कर दी, जिससे वह मरणासन्न हालत में हो गया। इसके बाद नरेश ने पुलिस को फोन किया कि उसके घर में चोर घुस आया है। मौके पर गई पुलिस ने सुदेश को अस्पताल में भर्ती करवाया, जिसकी बाद में मृत्यु हो गई। पुलिस के अनुसार नरेश और उसके साथियों के खिलाफ कत्ल का मामला दर्ज किया जा रहा है। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाने के बाद लाश परिवार वालों के सुपुर्द कर दी गई। सूत्रों के अनुसार पुलिस ने आरोपियों में से दो-तीन व्यक्तियों को राउंड अप कर लिया है जिनसे पूछताछ चल रही है। पुलिस पता लग रही है कि इस हत्याकांड में पपूडी की संदिग्ध भूमिका है या नहीं।
