Breaking News

बार संघ अध्यक्ष के कार्यभार ग्रहण कार्यक्रम में हंगामा बरपा

बार संघ अध्यक्ष के कार्यभार ग्रहण कार्यक्रम में हंगामा बरपा
निवृतमान अध्यक्ष विजय चावला के कार्यकाल के फैसलों को लेकर लगे आरोप-प्रत्यारोप
श्रीगंगानगर।
गंगानगर बार संघ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष जसवंत भादू के आज कार्यभार ग्रहण कार्यक्रम में निवृत्तमान अध्यक्ष विजय चावला के कार्यकाल में लिए गए फैसलों को लेकर हंगामा हो गया। हंगामा तब बरपा जब विजय अरोड़ा अपना कार्य भार नवनिर्वाचित अध्यक्ष को सौंपने से पहले उद्बोधन देते हुए अपने कार्यकाल में किए गए कार्यों और बार संघ के हिसाब किताब का लेखा-जोखा प्रस्तुत कर रहे थे। उन्होंने बताया कि अधिवक्ता कल्याण फंड में लगभग 11 लाख रुपए, बार संघ के दोनों बैंक अकाउंट्स और नकद रोकड़ खाते में कुल मिलाकर करीब 1 लाख 30 हजार  रुपए और लगभग 125 वकालतनामा टिकट नए अध्यक्ष को  सौंपने जा रहे हैं। श्री चावला ने उद्बोधन में बिना किसी अधिवक्ता का नाम लिए बताया कि बार काउंसिल आफ राजस्थान की एग्जीक्यूटिव कमिटी ने श्रीगंगानगर बार संघ के लिए 50 हजार की राशि स्वीकृत की थी लेकिन गंगानगर बार के ही एक अधिवक्ता के कारण यह स्वीकृति वापस हो गई। श्री चावला के यह कहते ही बार काउंसिल आफ राजस्थान के पूर्व अध्यक्ष और वर्तमान में सदस्य नवरंग चौधरी भड़क उठे। उन्होंने डायस पर आकर विजय चावला को बरतरफ करते हुए माइक पर बताना शुरू कर दिया कि उक्त स्वीकृति क्यों वापस ली गई थी। उन्होंने बताया कि वे एग्जीक्यूटिव कमिटी के मेंबर अवश्य है लेकिन एग्जीक्यूटिव कमिटी ने समग्र रूप से राशि वापस लेने का फैसला किया गया था। इसमें उनकी कोई भूमिका नहीं है। श्री चौधरी जब लगातार बोलते रहे तो विजय चावला ने उन्हें माइक छोड़ने के लिए दो-तीन बार कहा लेकिन वे बोलते रहे। इस बीच कार्यक्रम में उपस्थित अन्य अधिवक्ताओं ने विजय चावला के कार्यकाल में लिए गए कुछ फैसलों को लेकर आरोप लगाने शुरू कर दिए। इन अधिवक्ताओं का कहना था कि उनको 50 हजार की राशि वापस चले जाने की इतनी फिक्र है तो फिर उन्होंने अधिवक्ताओं के मुंशियों के संघ को बार संविधान में कोई प्रावधान न होते हुए भी किस हैसियत से चुनाव से पहले 31 हजार  रुपए दिए हैं। विजय चावला ने स्पष्टीकरण दिया कि यह कोई पहली बार नहीं हुआ। इससे पहले विजय रिवाड के दो बार अध्यक्ष रहते भी मुंशी संघ को राशि दी गई थी। इस पर पूर्व अध्यक्ष सीताराम बिश्नोई ने कड़ा प्रतिवाद करते हुए कहा कि यह परंपरा गलत शुरू हुई थी,जिसे विजय रेवाड़ के कार्यकाल के बाद उन्होंने अपने कार्यकाल में रोक दिया था। अनेक अधिवक्ताओं ने कहा कि अब जो मुंशी संघ को 31000 रुपए दिए गए हैं,वह वापस लिए जाएं। बार संघ के फंड का इस तरह से दुरुपयोग नहीं होना चाहिए। इसी प्रकार विजय चावला द्वारा अपने कार्यकाल में एक कमेटी के सदस्यों को तब्दील कर दिये जाने को लेकर भी आरोप प्रत्यारोप लगने लगे।सवाल किया गया कि उन्होंने संविधान के किस प्रावधान के तहत सदस्यों की तब्दीली की है। विजय चावला ने बार का संविधान मंगवाकर प्रावधान का उल्लेख करना चाहा लेकिन इसी बीच हंगामा के दौरान ही कार्यक्रम को समाप्त कर दिया गया। विजय चावला ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष जसवंत भादू को कार्यवाही रजिस्टर सौंपा, जिस पर श्री भादू ने हस्ताक्षर कार्यभार ग्रहण किया। बाद में श्री चावला ने उन्हें अध्यक्ष के चेंबर में ले जाकर अध्यक्ष की कुर्सी पर विराजित किया। इस दौरान नवनिर्वाचित सचिव अशोक सैनी और उपाध्यक्ष विनोद सींवर भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में इन तीनों नवनिर्वाचित पदाधिकारी का माल्यार्पण कर और पगड़ी पहनकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में तीनों चुनाव अधिकारी सुभाष मिड्ढा, देवेंद्र रोज और विपिन सिद्ध उपस्थित रहे। वयोवृद्ध अधिवक्ता काशीराम रिणवा, दलबारासिंह बराड़,पूर्ण घोड़ेला और मोनिका नागपाल सहित अनेक अधिवक्ताओं ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत किया। लगभग 45 मिनट के कार्यक्रम में हंगामा ही होता रहा। पूर्व में  किसी अध्यक्ष के कार्यभार ग्रहण करने के दौरान ऐसा शायद ही हुआ है।

बार हित में सभी की सलाह और सर्व समिति से कार्य करेंगे:भादू

बार संघ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष जसवंत भादू ने कार्यभार ग्रहण करने के पश्चात संबोधित करते हुए कहा कि बार के हित में जो कुछ भी सर्वोपरि होगा, वह सभी की सलाह तथा सर्वसमिति से किया जाएगा। हाउस के समक्ष सभी मुद्दे रखे जाएंगे।सबके साथ चर्चा की जाएगी सर्वसमिति से जो निर्णय लिया जाएगा,उसी के अनुसार बार के हित में काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनसे जो बेहतर बन पाएगा, वह बार के लिए करेंगे। श्री भादू ने कहा कि वह जल्दी ही बार की विस्तृत कार्यकारिणी की घोषणा करेंगे। इस मौके पर बताया गया की बार एसोसिएशन की कई वर्ष से डायरेक्टरी का प्रकाशन नहीं हुआ है। नई डायरेक्टरी का प्रकाशन किया जा रहा है, जो कुछ ही दिनों में तैयार हो जाएगी। डायरेक्टरी के अनावरण का जसवंत भादू, विजय चावला, वरिष्ठ अधिवक्ता काशीराम रिणवा और ओम रावल ने विमैचन किया। निवृतमान अध्यक्ष विजय चावला ने अपने कार्यकाल में सहयोग के लिए सभी अधिवक्ताओं का आभार व्यक्त किया। वहीं बार संघ के कर्मचारी अमरसिंह, सुंदरसिंह और अनिल सोनी को उपहार देकर सम्मानित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *