Breaking News

अवैध अफीम बेच घोड़े के व्यापारी और उसकी फॉर्च्यूनर के ड्राइवर की कर रही है पुलिस तलाश

अवैध अफीम बेच घोड़े के व्यापारी और उसकी फॉर्च्यूनर के ड्राइवर की कर रही है पुलिस तलाश
श्रीगंगानगर
सीमावर्ती श्रीकरनपुर शहर में एक युवक रोहित दत्त उर्फ विक्की के कल 1 किलो 200 ग्राम अफीम सहित पकड़े जाने के मामले में पुलिस को अब घोड़े के एक व्यापारी और उसकी फॉर्च्यूनर गाड़ी के चालक की तलाश है। पुलिस का कहना है कि रोहित को यही दोनों व्यक्ति एक दिन पहले अवैध रूप से अफीम बेचकर गए थे। यह दोनों ही श्रीकरणपुर क्षेत्र के निवासी हैं। घोड़े का व्यापारी पहले से ही बीकानेर जिले में लूणकरणसर थाना पुलिस को एनडीपीएस एक्ट के मामले में ही वांछित है। श्रीकरणपुर के थाना प्रभारी सीआई सुरेंद्र प्रजापति ने बताया कि स्थानीय अंबे वैली कॉलोनी निवासी रोहित दत्त को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। उस पर पहले से भी एक मुकदमा दर्ज है। अभी तक की पूछताछ और जांच में खुलासा हुआ है कि रोहित को चरणजीत सिंह उर्फ चन्नी नामक एक व्यक्ति परसों गुरुवार को फॉर्च्यूनर गाड़ी में अपने चालक जसप्रीतसिंह के साथ आकर 1 लाख 80 हजार रुपए में अफीम बेच गया था। रोहित ने डेढ़ किलो अफीम खरीदी और उसकी उक्त कीमत चुकाई लेकिन बाद में जब उसने देखा तो अफीम डेढ़ किलो नहीं बल्कि 1 किलो 200 ग्राम ही थी। थानाधिकारी ने बताया कि चरणजीतसिंह उर्फ चन्नी घोड़े का व्यापारी है। इसकी आड़ में वह मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री करता है। वह कुछ दिन पहले श्रीगंगानगर में सूरतगढ़-पदमपुर बाईपास पर लगे घोड़े के मेले में भी घोड़े लेकर पहुंचा था। लूणकरणसर पुलिस को उसकी  काफी दिनों से तलाश है। चरणजीत की फॉर्च्यूनर गाड़ी का चालक जसप्रीतसिंह भी पंजाब में एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में पकड़ा जा चुका है। फिलहाल पुलिस अब इन दोनों की तलाश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *