Breaking News

नए साल में रंगदारी के लिए फोन पर धमकियां देने का सिलसिला फिर शुरू हुआ

नए साल में रंगदारी के लिए फोन पर धमकियां देने का सिलसिला फिर शुरू हुआ
लॉरेंस बिश्नोई और रोहित गोदारा के नाम से हैंडलूम कारोबारी से 50 लाख की मांग, पत्नी को धमकी भरे  व्हाट्सएप  कॉल
श्रीगंगानगर।
श्रीगंगानगर में कुख्यात अपराधियों के नाम से लाखों रुपए की रंगदारी मांगने का नए साल में सिलसिला शुरू हो गया है। नए साल का पहला मामला शहर के पुरानी आबादी इलाके में सामने आया है। एक हैंडलूम व्यापारी से कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और उसके गुर्गे रोहित गोदारा के नाम से 50 लाख की रंगदारी मांगी गई है। व्यापारी की पत्नी को कुछ दिनों से विदेशी नंबरों से फोन कॉल तथा व्हाट्सएप कॉल आ रहे हैं। श्रीगंगानगर पुलिस पिछले डेढ़-दो वर्षों में इस प्रकार से गुंडा टैक्स मांगने वाले किसी भी बडे अपराधी को पकड़ नहीं पाई है।लगभग एक दर्जन मामले पुलिस थानों की फाइलों में दबे पड़े हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार ट्रक यूनियन पुलिया के पास हैंडलूम का शोरूम चलने वाले एक व्यापारी की रिपोर्ट पर अज्ञात व्यक्तियों पर 50 लाख की रंगदारी मांगने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। व्यापारी ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया है कि 23 दिसंबर की दोपहर 2:20 बजे उसकी पत्नी के मोबाइल पर एक व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल रिसीव करने पर सामने से व्यक्ति ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का होना बताया और रोहित गोदारा का नाम लेकर धमकाया कि उसकी जान को खतरा है।अगर 50 लाख रुपए की फिरौती नहीं दी तो पूरे परिवार को जान से मार दिया जाएगा। व्यापारी के अनुसार फोन करने वाले के पास उसके परिवार की पूरी डिटेल थी। इसके बाद 28 दिसंबर की दोपहर 2 बजे फिर से उसकी पत्नी के मोबाइल पर इंटरनेशनल नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई। भयवश उसकी पत्नी ने कॉल को रिसीव नहीं किया। फिर 30 दिसंबर को फिर से इसी इंटरनेशनल नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई,जिसे पत्नी ने रिसीव किया तो सामने से व्यक्ति बोला-तूने हमें पैसे नहीं दिए। अब तेरे पूरे परिवार को कुछ ही दिनों में खत्म कर दूंगा। अगर गलती से पुलिस को सूचना दी तो इसका अंजाम बहुत बुरा होगा। व्यापारी ने इस प्रकार की कॉल आने पर अपने और अपने परिवार को जान-माल का खतरा बताया है। उसने सुरक्षा की मांग की है। साथ ही बताया है कि उसके साथ किसी की भी द्वेषभावना नहीं है। उक्त फोन कॉल आने से उसका पूरा परिवार घर के माहौल में है। पुलिस ने धारा 308 (3),308(4)और 351(3) में मुकदमा दर्ज किया है, जिसकी जांच कार्यवाहक थाना प्रभारी एएसआई प्रमोद कुमार वधवा कर रहे हैं। श्रीगंगानगर में पिछले डेढ-दो वर्षों के दौरान इसी प्रकार नामी व्यापारियों और प्रतिष्ठित व्यक्तियों को लॉरेंस बिश्नोई तथा अन्य कुख्यात बदमाशों के नाम से लाखों-करोड़ों रुपए की फिरौती तथा रंगदारी के लिए धमकी भरे कॉल आने के लगभग एक दर्जन मामले सामने आए हैं। कोतवाली, जवाहरनगर और सदर थाना में इनके मुकदमे दर्ज हैं। जवाहरनगर पुलिस ने एक किन्नू व्यापारी से कथित रूप से एक करोड़ की फिरोती  के लिए उसके घर पर फायरिंग करने के कुछ आरोपियों को पकड़ा लेकिन यह मामला भी अंदर खाने में कुछ और ही निकला। इस मामले के असली अपराधी अभी भी पकड़ में नहीं आए। कांग्रेस नेता और पूर्व विधायक राजकुमार गौड के भांजे सुनील पहलवान को अक्टूबर 2023 और अक्टूबर 2024 में किसी अन्य रंजिश के चलते धमकियां देने के मामले का भी भंडाफोड़ नई दिल्ली पुलिस किया और लॉरेंस बिश्नोई के करीबी आरजू बिश्नोई के 9 गुर्गों को गिरफ्तार किया, लेकिन आरजू फिर भी पकड़ में नहीं आया।अब नए साल में फिर से यह सिलसिला शुरू हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *