भारतमाला मार्ग पर ट्रक ई रिक्शा भिड़ंत, एक की मौत
श्रीगंगानगर। गजसिंहपुर थाना क्षेत्र में भारतमाला प्रोजेक्ट मार्ग पर चक 39 बीबी के समीप ट्रक की टक्कर लगने से ई-रिक्शा में सवार एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई जबकि ई-रिक्शा चालक घायल हो गया। पुलिस ने बताया कि परसों गुरुवार दोपहर को चक 39 बीबी के नजदीक हुई इस दुर्घटना में घायल हुए ई-रिक्शा में सवार व्यक्ति मंगेश कुमार (50) निवासी चक 9-पीएस को गजसिंहपुर के सरकारी अस्पताल से श्रीगंगानगर रेफर कर दिया गया था। श्रीगंगानगर के एक अस्पताल में कल उसकी मृत्यु हो गई।मंगेश के पुत्र रविंद्र द्वारा दी गई रिपोर्ट पर ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर दिया है। दुर्घटना की जांच कर रहे हवलदार विमलेश कुमार ने बताया कि मंगेश कुमार ई-रिक्शा पर गांव जोरावरपुरा जा रहा था। ई-रिक्शा को रविंदरसिंह निवासी हुड्डा कॉलोनी रायसिंहनगर चल रहा था। हादसे में वह भी घायल हो गया जो कि गजसिंहपुर के अस्पताल में भर्ती है। मृतक मंगेश कुमार का शव कल पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिवार वालों के सुपुर्द कर दिया गया।
