Breaking News

अनूपगढ़ और जैतसर में गोदाम व फैक्ट्री में चोरियां

अनूपगढ़ और जैतसर में गोदाम व फैक्ट्री में चोरियां
– अनूपगढ़ पुलिस ने दो को पकड़ा, जैतसर पुलिस कर रही है एक संदिग्ध  से पूछताछ
श्रीगंगानगर।
अनूपगढ़ और जैतसर थाना क्षेत्र में गोदाम और फैक्ट्री में चोरी की वारदातें होने के समाचार मिले हैं। अनूपगढ़ पुलिस ने एक गोदाम में भारी मात्रा में ग्वार चोरी होने के मामले में दो युवकों को पकड़ा है जबकि जैतसर थाना पुलिस एक कॉटन फैक्ट्री में हुई चोरी की घटना के संबंध में एक संदिग्ध युवक से पूछताछ कर रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार अनूपगढ़ थाना में एक व्यापारी प्रिंस छाबड़ा द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर उसके गोदाम से एक क्विंटल 40 किलो ग्वार चोरी करने के आरोप में आकाश धाणक(24) और पवन मेघवाल(22) के खिलाफ परसों शनिवार को मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस को प्रिंस छाबड़ा ने बताया कि उसकी गोदाम की छत तोड़कर उक्त दोनों युवकों ने ग्वार चोरी किया है।पुलिस ने दोनों आरोपियों आकाश तथा पवन मेघवाल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस इनकी निशानदेही पर चोरी का ग्वार बरामद करने का प्रयास कर रही है। इस बीच जैतसर थाना में हितैन कॉटन सीड प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री में 26 दिसंबर से 4 जनवरी के दौरान 25- 30 क्विंटल नरमा चोरी करने के आरोप में मनजीतसिंह रायसिख निवासी चक 22 एनपी,मिठूसिंह रायसिख निवासी चक 12-एनपी, गुरमीतसिंह उर्फ निक्कू सिंह रायसिख निवासी चक 15-एनपी और राजूराम उर्फ राजकुमार बावरी निवासी चक 26-एनपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार नरेश राठी 30 निवासी राठियों का वास तिंवरी जिला जोधपुर ने दर्ज करवाए मुकदमे में बताया है कि उक्त आरोपियों ने अलग-अलग रातों को दीवार फांदकर फैक्ट्री में प्रवेश किया और पल्लियों में बांधकर 25-30 किवंटल नरमा चोरी कर लिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार एक आरोपी मनजीतसिंह को कल शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है, जिससे उक्त चोरी के बारे में पूछताछ की जा रही है। बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *