Breaking News

एयरफोर्स के ठेकेदार ने केंद्रीय-राज्य फार्म में काट डाले सैकड़ों पेड़, 5 लाख का नुकसान

एयरफोर्स के ठेकेदार ने केंद्रीय-राज्य फार्म में काट डाले सैकड़ों पेड़, 5 लाख का नुकसान
श्रीगंगानगर।
सूरतगढ़ में वायुसेन के एयरबेस स्टेशन की दीवार के साथ पेड़ों और झाड़ियों की सफाई का ठेका लेने वाले एक शख्स ने दीवार के साथ ही केंद्रीय राज्य फार्म (सीआईएसएफ) के सैकड़ों पेड़ काट डाले, जिससे लगभग 5 लाख रुपए का नुकसान हो गया।सूरतगढ़ सिटी पुलिस के अनुसार सीआईएसएफ के सुरक्षा अधिकारी राजेंद्रप्रसाद द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर ठेकेदार जितेंद्र यादव और उसके भतीजे पर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच कर रहे हवलदार चेतराम ने बताया कि एयरफोर्स द्वारा वायुसेना बेस स्टेशन की दीवार के पास से सुरक्षा की दृष्टि से पेड़ों और झाड़-झाड़ियां की सफाई का ठेका दिया जाता है। इस बार लगभग एक महीना पहले जितेंद्र यादव को ठेका मिला, जिसने अपने भतीजे के साथ मिलकर  काम शुरू कर दिया लेकिन इस दौरान उसने एयरफोर्स की दीवार के पास ही सीआईएसएफ के क्षेत्र में जाकर शीशम कीकर और शहतूत आदि के 200-250 पेड़ काट डाले। पेड़ों की कटाई और झाड़ियों की साफ-सफाई के लिए ठेकेदार ने क्रशिंग मशीन लगाई। उसने सीआईएसएफ के क्षेत्र में लगे पेड़-पौधों को क्रशिंग मशीन से चूरा चूरा कर डाला। यह चुरा आमतौर पर ईंट भट्ठा वालों को बेचा जाता है। पुलिस सूत्रों के अनुसार उक्त मामले में सीआईएसएफ वालों की भी लापरवाही सामने आ रही है क्योंकि सीआईएसएफ के किसी भी अधिकारी और कर्मचारी ने उक्त ठेकेदार द्वारा एयरफोर्स एरिया में पेड़ों और पौधों की कटाई सफाई करने के दौरान जाकर नहीं देखा कि वह फार्म क्षेत्र में भी पेड़ों को काट रहा है। बाद में जब ध्यान गया तो अब मुकदमा दर्ज करवाया गयाहै।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *