पिकअप चालक को धोखे से घर बुलाकर अश्लील वीडियो बनाया, ब्लैकमेल करने का आरोप-मामला दर्ज
श्रीगंगानगर। हनुमानगढ़ में एक पिकअप वाहन चालक को महिला द्वारा धोखे से घर बुलाकर अश्लील वीडियो बनाने और ब्लैकमेल करने का एक मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार हनुमानगढ़ जंक्शन में करणीनगर वार्ड नंबर 60 निवासी कालूसिंह राजपूत द्वारा पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र के आधार पर एक अज्ञात महिला और 5-6 व्यक्तियों पर ब्लैकमेल करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार कालूसिंह ने बताया है कि वह पिकअप गाड़ी चलाकर अपना और अपने परिवार का पालन पोषण करता है।विगत 31 दिसंबर को एक महिला ने फोन कर कहा कि उसे हनुमानगढ़ टाउन से घर का सामान श्रीगंगानगर लेकर जाना है। किराया पूछने पर उसने भाड़ा बता दिया। महिला ने 31 दिसंबर शाम 5 बजे चुंगी नाका नंबर 6 के पास बुलाया। वहां जाने पर फोन किया तो महिला ने उसकी पिकअप गाड़ी के नंबर पूछे और फिर वह आकर गाड़ी में आकर बैठ गई। उसने हनुमानगढ़ टाउन धान मंडी की तरफ जाने को कहा। रास्ते में उसने शराब ठेके पर गाड़ी रूकवाई और ठेके पर जाकर शराब खरीदी।धान मंडी हनुमानगढ़ टाउन के पास वह एक मकान पर उसे ले गई् सामान उठाने में मदद करने का कहकर उसे मकान के अंदर बुला लिया। अंदर जाने पर 5-6 लोग पहले से मौजूद थे। एक व्यक्ति ने घर का दरवाजा अंदर से कुंटा लगाकर बंद कर लिया। फिर सभी उसे गालियां निकालते हुए पीटने लगे। उसके जबरदस्ती कपड़े उतार कर नग्न कर दिया कपड़ों में रखे 9700 रुपए जबरन निकाल लिए। उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया। महिला उसके साथ अश्लील हरकतें करने लगी। अन्य व्यक्तियों ने मोबाइल फोन से वीडियो बनाए और फोटो खींच लिए। फिर जान से करने का भय दिखाकर रुपए मंगवाकर देने के लिए कहने लगे।अपनी जान बचाने के लिए उसने अपने एक परिचित प्रतापसिंह के मोबाइल नंबर पर क्यूआर कोड भेज कर 15 हजार रुपए मंगवाए। इसके बाद उक्त आरोपी 55 हजार रुपए और मंगवाने का दबाव बढ़ने लगे। उसने किसी तरह से मिन्नतें कर अपनी जान बचाई। इसके बाद वह अपने घर आ गया। उसके द्वारा अगले दिन टाउन थाना में रिपोर्ट दी गई। उसके द्वारा बताए जाने पर पुलिस उक्त मकान पर गई लेकिन तब तक आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस के अनुसार कालूसिंह का आरोप है कि उक्त लोग अभी भी उसे फोन पर धमकियां दे रहे हैं कि उसे बलात्कार के मामले में फंसाएंगे। टाउन थाना पुलिस ने एसपी के आदेश पर धारा 308(2) और 308 (6) के तहत मुकदमा दर्ज किया है,जिसकी जांच सब इंस्पेक्टर सुश्री ज्योति कर रही हैं।
