Breaking News

बीरमाना में बदमाश पीएनबी का एटीएम उखाड़ ले गए

बीरमाना में बदमाश पीएनबी का एटीएम उखाड़ ले गए
– पांच लाख की नगदी थी, खाली एटीएम खेत में मिली
श्रीगंगानगर।
श्रीगंगानगर जिले के राजियासर थाना क्षेत्र में श्रीविजयनगर राजियासर मार्ग पर गांव बीरमाना में पंजाब नेशनल बैंक की एटीएम को बोलेरो कैंफर  में आए तीन-चार बदमाश उखाड़ कर ले गए। एटीएम में लगभग 5 लाख  की नगदी थी। ग्रामीणों के पीछा करने पर बदमाश पकड़ में नहीं आए। बदमाशों द्वारा तोड़कर खाली की हुई एटीएम मशीन इंदिरा गांधी नहर की बुर्जी संख्या 445-465 हैड के बीच एक खेत में आज सुबह मिली। बदमाशों के भारतमाला रोड से होते हुए बीकानेर की तरफ भाग जाने की आशंका है। पुलिस ने बैंक प्रबंधन की रिपोर्ट पर अज्ञात व्यक्तियों पर एटीएम को उखाड़ ले जाने के आरोप में मामला दर्ज किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना रात 2 से 2:30 बजे के बीच की है। गांव में मेन रोड पर बैंक शाखा में लगी एटीएम के बाहर वाला शटर डाउन था। उस पर ताले लगे हुए थे। बदमाशों ने ताले तोड़े और केबिन में लगे सीसीटीवी कैमरों पर काले रंग का स्प्रे कर दिया। सीसीटीवी फुटेज में कपड़े से चेहरा ढके एक बदमाश स्प्रे करते दिखाई दे रहा है। केबिन में दूसरी तरफ लगे एक कैमरे में एटीएम को लोहे की रोड से उखाड़ने के दृश्य कैद हुए हैं। बदमाश करीब 15 मिनट में एटीएम को उखाड़ कर कैंफर गाड़ी में डालकर ले गए।जानकारी के अनुसार एटीएम की सुरक्षा के लिए गार्ड नहीं था लेकिन ई-सर्विलांस सिस्टम लगा हुआ है, जिसके जरिए बैंक के अधिकारियों और पुलिस को सूचना मिली। इसी दौरान ही ग्रामीणों को भी पता चल गया। उन्होंने बदमाशों का पीछा किया। दूसरी तरफ पुलिस ने बीरमाना गांव और इसके आसपास के सभी मार्गों पर नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी लेकिन बदमाश पकड़ में नहीं आए। सुबह होने पर आरडी 445-465 हैड के बीच एक खेत में लोगों ने एटीएम टूटी पडी देखी तो पुलिस को सूचना दी। एटीएम खाली थी।जानकारी के अनुसार एटीएम में 6 लाख का कैश विगत शुक्रवार को डाला गया था। कल रात एटीएम को उखाड़े जाने के समय उसमें 4 लाख 95 हजार 600 रुपए की नगदी थी। ग्रामीणों के अनुसार पिछले दो वर्षों के दौरान इस एटीएम को अज्ञात बदमाशों द्वारा दो बार उखाड़ने की कोशिश की गई थी। मगर इस बार बदमाश एटीएम उखाड़ ले जाने में सफल हो गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *