Breaking News

गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम से व्यापारी को धमकाकर 5 करोड़ की फिरौती मांगी, सुरक्षा प्रदान-केस दर्ज

गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम से व्यापारी को धमकाकर 5 करोड़ की फिरौती मांगी, सुरक्षा प्रदान-केस दर्ज
श्रीगंगानगर।
श्रीगंगानगर जिले के श्रीविजयनगर में एक प्रतिष्ठित और बड़े व्यापारी को कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम से धमकी देकर 5 करोड रुपए की फिरौती मांगी गई है। व्यापारी की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।व्यापारी और उसके परिवार को पुलिस द्वारा सुरक्षा प्रदान की गई है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक श्रीविजयनगर में कॉटन फैक्ट्री, कमीशन एजेंट और पेस्टिसाइड आदि व्यवसाय कर रहे एक बड़े व्यापारी के पुत्र को कल विदेशी नंबरों से व्हाट्सएप कॉल के जरिए धमकी दी गई। विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल आने पर व्यापारी के पुत्र ने पहले तो कॉल नहीं उठाई।बार-बार कॉल आने पर उसने कॉल रिसीव की तो कॉलर ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का बताते हुए 5 करोड रुपए तैयार रखने के लिए कहा। साथ ही धमकाया कि अगर रुपए नहीं दिए तो उसे और उसके परिवार को जान से हाथ धोना पड़ेगा। कॉलर ने यह भी धमकी दी कि उनको उसके पूरे परिवार के बारे में सारी जानकारी है। व्यापारी द्वारा इसकी जानकारी तुरंत ही उच्च पुलिस अधिकारियों को दी गई। इस पर कल देर रात को मामला दर्ज कर लिया गया। व्यापारी की जान माल की सुरक्षा के लिए सशस्त्र पुलिसकर्मी  को तैनात किया गया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि व्यापारी को जिस विदेशी नंबर से थ्रेटनिंग कॉल आई है उसकी पड़ताल शुरू कर दी गई है। पता लगाया जा रहा है कि यह वास्तव में विदेशी नंबर है या किसी ऐप की करामत से विदेशी नंबर बनाकर व्यापारी को धमकाया गया है।
बॉक्स न्यूज़
50 लाख मांगने वाले का लगा सुराग
इस बीच श्रीगंगानगर के पुरानी आबादी थाना इलाके में ट्रक यूनियन पुलिया के समीप एक हैंडलूम शोरूम के मालिक की पत्नी को धमकी भरा फोन कर 50 लाख रुपए की फिरौती मांगने वाले का पुलिस ने सुराग लग जाने का दावा किया है। उच्च पुलिस सूत्रों के मुताबिक फोन कौन करने वाले की पहचान कर ली गई है। उसकी धरपकड़ के प्रयास किया जा रहे हैं। हैंडलूम शोरूम मालिक ने 4 जनवरी को रिपोर्ट दर्ज करवाते हुए बताया था कि 23 दिसंबर से उसकी पत्नी के मोबाइल नंबर पर बार-बार 50 लाख रुपए की फिरौती देने के लिए धमकी भरे कॉल आ रहे हैं। यह कॉल भी विदेशी नंबर से किए जा रहे थे। पुलिस के एक अधिकारी ने कहा की उम्मीद है कि इस मामले का जल्दी खुलासा कर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *