श्रीविजयनगर में ज्वेलरी शोरूम के कारीगर ने दिखाई करामात, 36 लाख का सोना चुरा कर बेच दिया
श्रीगंगानगर। श्रीगंगानगर जिले के श्रीविजयनगर में एक ज्वेलरी शोरूम में बंगाली स्वर्ण कारीगर ने करामात दिखाते हुए दुकान का लगभग 36 लाख रुपए मूल्य का सोना चुराकर दूसरे स्वर्णकारों को बेच दिया। यह मामला श्रीबिजयनगर के स्वर्णकारों और स्वर्णकार समाज में कई दिनों से चर्चा का विषय बना हुआ है। समाज के प्रबुद्ध लोग आपस में पंचायत कर इस मामले को सुलटाने में लगे हुए थे लेकिन सफलता नहीं मिली। आखिरकार जिस ज्वैलर के दुकान का सोना चोरी हुआ है,उसने थाने में रिपोर्ट दे दी। इस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक श्रीविजयनगर में करणी ज्वेलर्स के संचालक अनिल कुमार सोनी (पुत्र देवीलाल) निवासी बिलोचिया द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर उसकी दुकान में सोने के आभूषण बनाने और ग्राहकों को अटेंड करने वाले कर्मचारी कृष्णा मंडल निवासी हुबली, कोलकाता पर अमानत में खयानत का मुकदमा का दर्ज किया गया है। अनिल सोनी ने बताया कि कृष्णा मंडल उनकी दुकान में लगभग 4 वर्षों से कम कर रहा है। वह स्वर्ण आभूषण बनाने के साथ ही दुकान में आने वाले ग्राहकों को भी अटेंड करता था। उसे विगत 3 जनवरी को दुकान से 500 मिलीग्राम सोना चोरी करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया था। इसके बाद जब दुकान के स्टॉक का मिलान किया गया तो उसमें 450 ग्राम सोने की गड़बड़ पाई गई,जिसकी कीमत लगभग 36 लख रुपए है।अनिल सोनी ने दर्ज करवाई मुकदमे में बताया है कि कृष्णा मंडल ने उनकी दुकान से चोरी किया सोना श्रीविजयनगर में ही कृष्ण ज्वेलर्स आर्ट के संचालक सुनील सोनी और गुरुकृपा गोल्ड टेस्टिंग, सूरतगढ़ के संचालक बबलू सोनी को सस्ते दामों में बेच दिया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 306 में मुकदमा दर्ज कर जांच हवलदार नरेश कुमार के हवाले की है। अनिल सोनी ने बताया कि कृष्ण मंडल लगभग 4 वर्षों से उनकी दुकान में काम कर रहा है। उसके द्वारा सोना चुराए जाने का पता चलने पर जब दुकान के स्टॉक तथा हिसाब-किताब का मिलान किया गया तो 450 ग्राम सोना काम पाया गया। यह भी पता चला है कि कृष्ण मंडल को मोबाइल पर कोई गेम खेलने की आदत थी। बताया जाता है कि मोबाइल गेम पर ही उसने बेचे गए सोने से हासिल रकम उड़ा दी।
श्रीविजयनगर का युवक रुपए चोरी करने के आरोप में गिरफ्तार
श्रीगंगानगर 07 जनवरी। श्रीविजयनगर के एक युवक को बीकानेर में जयनारायण व्यास कॉलोनी थाना पुलिस ने 2 लाख 20 हजार रुपए चोरी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि गणेश कुमार रेगर (22) निवासी वार्ड नंबर 17 में दुर्गा मंदिर के नजदीक श्रीबिजयनगर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक सुरेश कुमार चोटिया (23) निवासी धीरजदेसर चोटिया ने 3 जनवरी को रिपोर्ट दर्ज करवाई की वह 14 दिसंबर को अपनी पत्नी को बस में चढ़ाने के लिए गया था। उस समय गणेश उसके घर पर था। जब वह पत्नी को लेकर घर से गया, तब पीछे से गणेश घर में एक बैग में रखे 2 लाख 20 हजार रुपए लेकर फरार हो गया। पुलिस के अनुसार सुरेश और गणेश बीकानेर में एक ही कंपनी में काम करते हैं। इस कारण गणेश का सुरेश के घर में आना-जाना था। इतने दिन तक सुरेश अपने स्तर पर रूपयों का पता लगाने में लग रहा। पुलिस का कहना है की घटना वाले दिन सुरेश जब अपनी पत्नी को लेकर बस में चढ़ाने के लिए चला गया, तब पीछे से गणेश को उसके घर में रुपए पड़े होने का पता होने के कारण नियत बिगड़ गई। उसे विगत दिवस गिरफ्तार कर लिया गया। अब रुपए बरामद करने के प्रयास किया जा रहे हैं। यह घटना जयनारायण व्यास कॉलोनी थाना क्षेत्र में स्वर्ण जयंती पंडित दीनदयाल उपाध्याय योजना के एक फ्लैट में घटित हुई।
