अज्ञात पिकअप चालक पर बाइक में टक्कर मारने का मामला दर्ज, चालक की हो गई थी मौत
श्रीगंगानगर। श्रीकरणपुर थाना क्षेत्र में 3 जनवरी की रात को मोटरसाइकिल पर जाते समय एक युवक जगसीरसिंह (22) की मृत्यु होने का मामला अब अज्ञात पिकअप चालक द्वारा टक्कर मार दिए जाने में तब्दील हो गया है। पुलिस के अनुसार चक 40 एफ मोडां निवासी काकू सिंह द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात पिकअप के चालक पर लापरवाही के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। हेयर सैलून का काम करने वाला जगसीरसिंह 3 जनवरी को दुकान मंगल करने के बाद घर आया और फिर मोटरसाइकिल पर अपने ससुराल चक 48 जीजी को रवाना हुआ था। रास्ते में उसका एक्सीडेंट हो गया। गंभीर घायल हुए जगसीर को श्रीकरणपुर के सरकारी अस्पताल में लाने पर मृत घोषित कर दिया गया था। पुलिस ने बताया कि घटना के तीन दिन बाद मृतक के पिता द्वारा दी गई रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज किया गया है। टक्कर मारने वाले वाहन का पता लगाने के प्रयास किया जा रहे हैं।मृतक जगसीर की कुछ अरसा पहले शादी हुई थी।
