घने कोहरे के कारण एक्सप्रेस हाईवे पर अनेक वाहन टकराए, धागा और लकड़ियों लदे दो ट्रकों में आग लगी
– दो वाहन चालक घायल, अस्पताल में भर्ती
श्रीगंगानगर। श्रीगंगानगर जिले में राजियासर थाना क्षेत्र में अमृतसर-जामनगर एक्सप्रेस वे हाईवे पर गांव ठेठार के नजदीक आज सुबह घने कोहरे के कारण एक के बाद एक अनेक वाहनों में भिड़ंत हो गई। दो ट्रकों में आग लग गई जिन में धागा और लकड़ी के फट्टे लदे हुए थे। दो वाहन चालक घायल हो गए, जिनको निकटवर्ती हनुमानगढ़ जिले के पीलीबंगा के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। भीषण दुर्घटना होने का पता चलते ही राजियासर पीलीबंगा और पल्लू थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। आग बुझाने के लिए चार दमकल कई घंटे तक लग रहे। गनीमत रही कि किसी के कोई गंभीर चोट नहीं आई। जिन वाहनों में भिड़ंत हुई, उनके चालक तथा उनमें सवार अन्य व्यक्ति दो ट्रकों में लगी आग को देखकर तुरंत ही उतरकर इधर-उधर हो गए। इस हादसे के कारण काफी देर तक एक्सप्रेस-वे हाईवे पर काफी देर तक अफरा-तफरी माहौल रहा। आज सुबह लगभग 8 धुंध के कारण ट्रकों सहित करीब एक दर्जन वाहन आपस में टकरा गये। हादसे में सात ट्रक व अन्य वाहनों सहित राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण का रिकवरी वाहन भी शामिल रहा।एक के बाद एक पीछे से टकराते चले गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो ट्रकों में आग लग गई। जिससे वे पूरी तरह जलकर राख हो गए। हादसे के चलते एक्सप्रेस हाईवे की बीकानेर की तरफ जाने वाली लेन करीब 6 घण्टे तक बंद रही। वहीं ट्रकों में आगजनी से दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वाहनों के टकराने से हुए धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकाल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलने पर सूरतगढ़ थर्मल, सूरतगढ़, पीलीबंगा व हनुमानगढ़ की सात दमकलों ने घण्टों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग पर काबू पाने के बाद पुलिस व नेशनल हाईवे अथोरोटी की ओर से सभी क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटाकर यातायात सुचारू किया गया। हादसे के दौरान घटनास्थल का थाना क्षेत्र स्पष्ट नहीं था।ऐसे में सबसे पहले हनुमानगढ़ जिले की पीलीबंगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं हनुमानगढ़ जिला मुख्यालय से भी पुलिस का जाब्ता मौके पर पहुंच गया। जानकारी मिलने पर श्रीगंगानगर जिले की राजियासर थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। आग लगने वाले ट्रकों में सवार दो जनों को पीलीबंगा के राजकीय चिकित्सालय में भिजवाया गया। वहीं, पुलिस की सूचना पर सूरतगढ़ सिटी की एक, थर्मल पावर प्लांट की एक और पीलीबंगा से पहुंची दो दमकलों ने आग बुझाने के प्रयास शुरू किए।पुलिस के मुताबिक दोपहर 12 बजे तक लकड़ी से भरे ट्रक की आग पर काबू पा लिया गया था। इसके पीछे भिड़ने वाले कंटेनर ट्रक के लॉक को तोड़कर उसमें आग बुझाने के प्रयास शुरू किए गए। इसमें धागा लदा हुआ था। इस भीषण हादसे को लेकर समाचार लिखे जाने तक पुलिस ने कोई मामला दर्ज नहीं किया था।
