चचेरे भाई की हत्या का प्रयास करने के आरोप में दो भाई गिरफ्तार
श्रीगंगानगर। सिर में लोहे की राड घातक वारकर चचेरे भाई की हत्या का प्रयास करने की घटना में पुलिस ने आरोपी दो भाइयों को गिरफ्तार किया है।पुरानी आबादी थाना पुलिस के मुताबिक प्रवीण कुम्हार (42)तथा ओम शप्रकाश उर्फ भाया कुम्हार (39)निवासी गली नंबर 4/5 माइक्रोवेव टावर के समीप को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया। अदालत ने इन दोनों भाइयों को न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए हैं। यह घटना विगत 13 दिसंबर की रात लगभग 8 बजे घटित हुई। इन दोनों भाइयों ने अपने चचेरे भाई विक्की से झगड़ा करते हुए उसके सिर में लोहे की रोड से घातक चोट मार दी, जिससे वह गंभीर घायल हो गया। विक्की के पिता छगनलाल द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर 18 दिसंबर को प्रवीण तथा ओमप्रकाश पर मारपीट करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया, जिसकी जांच हवलदार धर्मपाल को दी गई। पुलिस के अनुसार विक्की की इंजरी रिपोर्ट प्राप्त होने पर मुकदमे में हत्या के प्रयास की धारा 109(1) भी जोड़ दी गई। इंजरी रिपोर्ट में बताया गया कि सिर में लगी चोट जानलेवा थी। मामला हत्या के प्रयास में तब्दील होने पर जांच एएसआई प्रमोद कुमार वधवा को दे दी गई।उन्होंने बताया कि विगत 13 दिसंबर की रात को इस झगड़े से कुछ देर पहले एक जागरण में विक्की की अपने चचेरे भाइयों से किसी बात को लेकर बोलचाल हो गई थी। बाद में घर आने पर इनमें झगड़ा हो गया।
