रायसिंहनगर में एक ही रात में दो घरों में नकबजनी
– लाखों के जेवरात और नगदी चोरी
श्रीगंगानगर। श्रीगंगानगर जिले के रायसिंहनगर शहर के वार्ड नंबर 17 में बुद्ध मंदिर के समीप एक ही रात में दो घरों में नकबजनी की बड़ी वारदातें अंजाम देकर शातिर चोर लाखों रुपए मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण व नगद राशि चोरी कर ले गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटनाएं 12 -13 जनवरी की रात को संजय बघेल और मनप्रीत नामक व्यक्तियों के घरों में हुई है। संजय बघेल के भाई सुमित का विगत 3 जनवरी को रायसिंहनगर में देहांत हो गया था। उसका पूरा परिवार सुमित का शव लेकर उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में अपने पैतृक गांव में अंतिम संस्कार करने के लिए लेकर गया था। संजय बघेल के अनुसार उसे 13 जनवरी की सुबह पड़ोस के एक व्यक्ति ने फोन कर बताया कि उसके घर के दरवाजे खुले हुए हैं और अंदर सारा सामान बिखरा हुआ है। इस पर वह कल मंगलवार को रायसिंहनगर पहुंचा। घर का सामान संभाल तो लगभग 12 लाख रुपए मूल्य के सोने- चांदी के आभूषण तथा 60-70 हजार रुपए की नगदी गायब थी। इसके अलावा भी कुछ अन्य सामान भी घर पर दिखाई नहीं दे रहा।संजय बघेल के मकान से कुछ दूरी पर मनप्रीत नामक व्यक्ति के घर में भी इसी रात को चोरी हो गई।मनप्रीत के यहां से भी काफी सामान गायब हुआ है। जिस रात यह वारदातें हुईं,उस रात घना कोहरा छाया हुआ था। दोनों घरों के आसपास सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं लेकिन कोहरे की वजह से चोर आते जाते हुए स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं दे रहे। पुलिस ने संजय बघेल की रिपोर्ट पर अज्ञात नकबजनों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जांच एएसआई बलवंतसिंह को दी गई है।अभी तक चोरों का कुछ पता नहीं चला।
बाईपास पर किरयाना की दुकान में चोरी
श्रीगंगानगर। श्रीगंगानगर में सदर थाना अंतर्गत सूरतगढ़- हनुमानगढ़ बाईपास पर चक 4-एमएल में किरयाना की एक दुकान में चोरी की घटना हो गई। पुलिस के अनुसार चक 4-एमएल बाईपास पर स्थित अशोक किरयाना स्टोर के संचालक अशोक कुमार निवासी चक 1-जी(छोटी) हरिराम की ढाणी ने रिपोर्ट देते बताया कि 13- 14 जनवरी की रात लगभग 4 बजे अज्ञात व्यक्ति दुकान के ताले तोड़कर 4 किलो देसी घी, 14 किलो सरसों तेल, सिगरेट के 28 पैकेट रेवड़ी-गजक आदि के पैकेट और 2500 रुपए गल्ले में से नगद चोरी कर ले गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार दुकान और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में संदिग्ध कर दिखाई दिए हैं, जिनकी पहचान कर धरपकड़ करने के प्रयास किया जा रहे हैं। घटना की जांच हवलदार बंतराम को दी गई है।
