Breaking News

श्रीगंगानगर-कोटा रेलगाड़ी में 20 लाख के जेवरात चोरी

श्रीगंगानगर-कोटा रेलगाड़ी में 20 लाख के जेवरात चोरी

तड़के एक से चार बजे के दौरान मकराना-मेड़ता रोड के बीच हुई घटना

अबोहर निवासी परिवार जा रहा था जयपुर

श्रीगंगानगर। श्रीगंगानगर-कोटा एक्सप्रेस रेलगाड़ी (ट्रेन संख्या 22998) में यात्रा कर रहे एक परिवार के लगभग 20 लाख रुपए मूल्य के स्वर्ण जेवरात चोरी हो गए।यह घटना तड़के एक से चार बजे के दौरान मकराना- मेड़ता रोड रेलवेस्टेशनों के बीच हुई। श्रीगंगानगर रेलवे स्टेशन से रवाना हुए परिवार के सदस्यों के साथ चोरी की यह बड़ी घटना हुई है। इस संबंध में जयपुर के जीआरपी थाना ने 0 नंबर मुकदमा दर्ज कर मेड़ता रोड जीआरपी थाना को भेजा है। जीआरपी थाना पुलिस चोर का पता लगाने का प्रयास कर रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 11 जनवरी की शाम को श्रीगंगानगर रेलवे स्टेशन से कोटा जाने वाली रेलगाड़ी में गगनदीप सेठी (51) पुत्र ओमप्रकाश निवासी गली नंबर 8 न्यू सूरज नगरी, अबोहर जिला फाजिल्का (पंजाब) अपनी पत्नी पूजा रानी और बहन पूनम आहूजा के साथ जयपुर के लिए रवाना हुआ था। यह परिवार सेकंड क्लास एसी कोच ए1 में सवार हुआ। रात लगभग 11 बजे ट्रेन के बीकानेर पहुंचने पर गगनदीप सेठी की दूसरी बहन अन्नू अपने बेटे विनायक के साथ भी इसी कोच में जयपुर जाने के लिए सवार हुई। गगनदीप की तीसरी छोटी बहन की शादी हाल ही जयपुर हुई है। शादी के बाद लोहड़ी का पहला पर्व आने पर यह परिवार उनके यहां जा रहा था। गगनदीप सेठी ने बताया कि उसकी पत्नी पूजा ने अपने पर्स में लगभग 25 तोला सोने के जेवरात रखे हुए थे।जेवरों में एक चोकर सेट, बाजूबंद, चैन, एक कड़ा जिसमें मोर बना हुआ था, चार जोड़ी टॉप्स, गणेश जी की मूर्ति वाला एक लॉकेट और चार अंगूठी आदि शामिल थे। बीकानेर से उनकी दूसरी बहन अन्नू सबके लिए खाना लेकर आई थी। खाना खाते और बातें करते हुए रात्रि एक बज गया। इसके बाद वे सभी सो गए। गगनदीप ने बताया कि उसने अपनी पत्नी का पर्स खुद अपने सिरहाने के पास रखा था। सुबह करीब 4 बजे गहने चोरी होने का पता चला। उसके सिरहाने से गायब हुआ पर्स इसी कोच में बर्थ नंबर 28 के पास पड़ा मिला। पर्स के अंदर एक थैली में उक्त गहने थे।पर्स में थैली तो थी लेकिन थैली के अंदर गहने नहीं थे। पर्स का बाकी सामान यथावत था। तड़के एक से चार बजे के दौरान किसी ने उसके सिरहाने से पर्स उठाया और उसमें रखी थैली में से गहने निकालने के बाद पर्स को दूसरी सीट पर छोड़ दिया।  जयपुर पहुंचने पर उन्होंने वहां के जीआरपी थाना में रिपोर्ट दी। जयपुर जीआरपी थाना पुलिस ने घटनास्थल मकराना-मेड़ता रोड के बीच का होने के कारण शून्य नंबर मुकदमा दर्ज कर मामला मेड़ता रोड जीआरपी थाना को स्थानांतरित कर दिया। अभी तक गहने चुराने वाले का पता नहीं चला। लगभग 25 तोला सोने के आभूषणों का वर्तमान में बाजार मूल्य लगभग 20 लाख रुपए है।
अटेंडेंट पर जताया शक!
अबोहर में दवा निर्माण व्यवसाय से जुड़े हुए गगनदीप सेठी ने गहने चोरी करने का शक रेलगाड़ी के एक अटेंडेंट पर जाहिर किया है। उन्होंने बताया कि 11 जनवरी की शाम को जब वह पत्नी और बहन के साथ श्रीगंगानगर रेलवे स्टेशन पर आकर कोटा जाने वाली रेलगाड़ी में सवार हो रहा था, तब वे ऐनवक्त पर ही पहुंचे थे। स्टेशन में एंटर करते ही सामने बी1 कोच दिखाई दिया, जिसमें वे फटाफट सवार हो गए। फिर गाड़ी के अंदर से ही ए-1 कोच में अपनी सीट 21, 22 और 23 पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि इस दौरान रेलगाड़ी का एक अटेंडेंट कुछ ज्यादा ही उनकी मदद कर रहा था।वह बार-बार उनके आसपास ही घूम रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *