Breaking News

खाद की बोरियों में छुपा कर ले जाया जा रहा 3 करोड रुपए मूल्य का 19 क्विंटल अवैध डोडा पोस्त जब्त

खाद की बोरियों में छुपा कर ले जाया जा रहा 3 करोड रुपए मूल्य का 19 क्विंटल अवैध डोडा पोस्त जब्त
– ट्रक चालक गिरफ्तार, एक नाबालिग निरूद्ध
श्रीगंगानगर।
राजस्थान के चुरू जिले में रतनगढ़ थाना क्षेत्र में मेगा हाईवे पर पुलिस ने एक ट्रक में खाद की बोरियों के नीचे छुपा कर ले जाया जा रहा लगभग 3 करोड रुपए मूल्य का अवैध डोडा पोस्ट जब्त किया है। ट्रक के चालक को गिरफ्तार कर लिया गया जबकि ट्रक में सवार एक नाबालिक लड़के को निरूद्ध किया गया है। चूरू के पुलिस अधीक्षक जय यादव ने बताया कि कल देर रात को रतनगढ़-सरदारशहर मेगा हाईवे पर मालासर टोल नाका के नजदीक जिला विशेष दल(डीएसटी) रतनगढ़ थाना और हाईवे पेट्रोलिंग की टीमों ने संयुक्त रूप से एक ट्रक को संदेह के आधार पर रोक कर चेक किया। ट्रक में ऊपर खाद की बोरियां लगी हुई थीं जबकि उसके नीचे प्लास्टिक के 97 कट्टे रखे हुए थे।उन्होंने बताया कि कट्टों में कुल मिलाकर 19 क्विंटल 5 किलो 650 ग्राम डोडा पोस्त छिलका मिला है। इसका बाजार मूल्य लगभग 2 करोड़ 85 लख रुपए है। पुलिस ने जब ट्रक को रोका तो उसके चालक तथा उसमें सवार एक लड़के ने भागने की कोशिश की लेकिन दोनों को काबू कर लिया गया। ट्रक चालक भेरूलाल मीणा (21) निवासी बरूदनी थाना बीगोद जिला भीलवाड़ा को गिरफ्तार कर लिया गया जबकि नाबालिग लड़के को निरुद्ध किया गया है। उसे आज किशोर न्याय बोर्ड के प्रिंसिपल के समक्ष पेश किया गया।पुलिस के मुताबिक यह ट्रक चित्तौड़गढ़ से जम्मू कश्मीर जा रहा था। पुलिस जहां पकड़े गए चालक भेरूलाल मीणा से पूछताछ कर रही है, वहीं डोडा पोस्त की इतनी बड़ी खेप को चित्तौड़गढ़ से रवाना करने वाले बड़े तस्करों का पता लगाने के लिए उसके मोबाइल फोन की कॉल डिटेल को खंगाल रही है। जानकार सूत्रों ने बताया कि उक्त अवैध डोडा पोस्त पंजाब अथवा हरियाणा में कहीं उतर जाना था।

दो लाख की ड्रग मनी और 200 ग्राम अफीम सहित दो युवक गिरफ्तार
श्रीगंगानगर।
श्रीगंगानगर जिले में घमूडवाली थाना क्षेत्र में रिडमलसर कस्बे में राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के समीप कल देर शाम को पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया जिनके कब्जे से 200 ग्राम अफीम तथा 2 लाख रुपए की ड्रग मनी बरामद हुई। थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर पृथ्वीराज बिश्नोई ने बताया कि कल रात को संदेह के आधार पर रिडमलसर में राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के समीप इसी गांव के संजय पुत्र जगदीश बिश्नोई तथा सुरेश पुत्र जयपाल बिश्नोई को गिरफ्तार किया गया। तलाशी लेने पर इनके पास 200 ग्राम अफीम तथा दो लाख की राशि मिली। पुलिस ने आशंका जताई है कि यह राशि मादक पदार्थ की बिक्री की है। पुलिस बरामद हुई अफीम और राशि के बारे में दोनों युवकों से पूछताछ कर रही है। इनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है, जिसकी आगे जांच पदमपुर थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर सुरेंद्र राणा कर रहे हैं। दोनों आरोपियों को आज अदालत में पेश किया गया। पुलिस इनके पिछले आपराधिक रिकार्ड की जानकारी भी जुटा रही है। जानकार सूत्रों ने बताया कि यह युवक जोधपुर जिले से अफीम लाकर रिडमलसर और इसके आसपास के गांव में ढाणियों में नशा करने वालों को बेचते थे।
——

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *