तेरह वर्षीय बालिका का अपहरण कर दुष्कर्म करने के आरोप में युवक गिरफ्तार, पीड़िता पांच माह से गर्भवती
– गूगल मैप और स्नैपचैट से पुलिस ने दोनों को ढूंढा
श्रीगंगानगर। स्थानीय बसंती चौक के समीप एक कॉलोनी की निवासी 13 वर्षीय बालिका को बहला- फुसलाकर उत्तर प्रदेश ले जाने और उससे दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने एक 23 वर्षीय युवक सुनील को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि सुनील ने बालिका को लगभग 6 महीने तक बंधक बनाए रखा और दुष्कर्म करता रहा, जिससे वह गर्भवती हो गई। बालिका पांच माह से गर्भवती है। पुलिस सूत्रों के अनुसार उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में शिवराजपुर थाना क्षेत्र के गांव बीबीपुर सराय निवासी सुनील को बड़ी मुश्किल से काबू किया गया है। सुनील मटीली राठान थाना क्षेत्र के चक 14 क्यू में एक जमींदार के यहां दो-तीन वर्षों से मजदूरी करने के लिए उत्तर प्रदेश से आया करता था। वह दो-तीन महीने मजदूरी कर वापस चला जाता था।पिछले वर्ष जून महीने में जब वह यहां मजदूरी करने के लिए आया तभी वहां पास के एक खेत में स्थानीय बसंती चौक के नजदीक एक कॉलोनी में रहने वाला एक गरीब परिवार भी मजदूरी करने के लिए जाता था। इसी परिवार की 13 वर्षीय बालिका को सुनील ने अपने बहकावे में ले लिया। सुनील उससे मोबाइल फोन पर बात करने लगा। बालिका अपनी दादी का फोन अपने पास रखती थी। पिछले वर्ष जून महीने में एक दिन बालिका गायब हो गई। परिवार वालों ने तलाश किया तब पता चला कि वह सुनील के संपर्क में थी। इस पर बालिका की दादी द्वारा दी गई रिपोर्ट पर स्थानीय कोतवाली में सुनील के खिलाफ 12 जुलाई को अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने दोनों के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल को चेक किया तथा आखिरी लोकेशन भी ट्रेस की। आखरी बार बालिका की सुनील के नंबर पर बात हुई थी। दोनों के मोबाइल फोन स्थानीय रेलवे स्टेशन पर बंद हो गए थे। इसके बाद इनका कुछ पता नहीं चल रहा था। पुलिस सूत्रों के अनुसार काफी प्रयास करने पर पता चला कि सुनील उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले का निवासी है।इस पर पुलिस ने कानपुर जिले के अनेक गांवों से उसका पता लगाने के प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। इस बीच समय निकलता गया लेकिन पुलिस भी जांच में लगी रही। जांच के दौरान यह भी पता चला कि श्रीगंगानगर रेलवे स्टेशन से उत्तर प्रदेश के लिए रवाना होते समय सुनील ने न केवल अपना बल्कि लड़की का भी मोबाइल फोन सिम कार्ड सहित तोड़कर फेंक दिया था। कानपुर जाने पर ना तो सुनील ने अपने पास कोई मोबाइल फोन रखा और ना ही लड़की को मोबाइल फोन रखने दिया। इस कारण इन दोनों का कुछ भी पता नहीं चल रहा था।आखिरकार पुलिस ने गूगल मैप और स्नैपचैट के जरिए सुनील के गांव का पता लगाया। वहां के सरपंच से संपर्क किया तो पता चला कि सुनील विगत जून में अपने साथ एक लड़की को लेकर गांव आया था। इस पर पुलिस उसके गांव पहुंची तो वहां दोनों ही नहीं मिले। फिर पता चला कि सुनील लड़की को कानपुर में कहीं अपने साथ रखे हुए हैं। काफी प्रयासों के बाद विगत 27 दिसंबर को पुलिस जब कानपुर में तलाश करते हुए लड़की तक पहुंची तो वह 5 माह से गर्भवती थी। सुनील वहां नहीं मिला। पुलिस ने लड़की को श्रीगंगानगर लाकर मेडिकल चेकअप करवाया। उसके विस्तृत बयान दर्ज करवाए गए। वह पांच माह से गर्भवती थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार बालिका ने बताया कि सुनील उसे बहला फुसलाकर अपने साथ ले गया और जबरदस्ती अपने साथ रखते हुए यौन संबंध बनाता रहा। पुलिस ने लड़की को बाल कल्याण समिति(सीडब्ल्यूसी)के समक्ष पेश किया तो उसके मां-बाप के पास भेज दिया गया। मेडिकल रिपोर्ट और बहनों के आधार पर अपहरण के मुकदमे में सुनील के खिलाफ दुष्कर्म की धाराएं भी जोड़ दी गईं। अब इस मामले की जांच एएसपी (शहर) बी आदित्य कर रहे हैं।तीन दिन पूर्व पुलिस को पुख्ता सूचना मिली कि सुनील कानपुर में कहां छुपा हुआ है। यहां से भेजी गई एक टीम ने उसे काबू कर लिया। सुनील को कल श्रीगंगानगर लाया गया। आज उसे अदालत में पेश किया गया।
अपह्वत किशोरी बरामद, युवक गिरफ्तार
– अपहरण का मामला दुष्कर्म में तब्दील
श्रीगंगानगर। पदमपुर थाना क्षेत्र के एक गांव से लगभग एक महीना पहले गायब हुई एक किशोरी को पुलिस ने बरामद कर लिया है। उसका अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार पदमपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की निवासी करीब 16 वर्षीय एक किशोरी विगत 14 दिसंबर को घर से गायब हो गई थी। इस संबंध में 16 दिसंबर को किशोरी के एक परिजन द्वारा दी गई रिपोर्ट पर अपहरण का मामला दर्ज किया गया। पुलिस द्वारा जांच किए जाने पर पाया गया कि इस किशोरी को चक 5-एनएन निवासी रविसिंह नामक एक युवक बहला फुसलाकर अपने साथ ले गया है। दो दिन पूर्व पुलिस ने उक्त लड़की को मटीली राठान थाना क्षेत्र के चक13- जैड़ से बरामद कर लिया। आरोपी युवक रवि को भी काबू कर लिया गया। पूछताछ करने पर पता चला कि रवि उक्त लड़की को बहला फुसलाकर जैसलमेर जिले में कहीं ले गया था। वहां कई दिन तक उसने लड़की को इधर-उधर अनेक जगहों पर रखा और उससे दुष्कर्म करता रहा। बाद में वह लड़की को लेकर चक 13-जैड़ में आ गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने लड़की को दस्तयाब करते हुए युवक को भी पकड़ लिया। लड़की का मेडिकल चेकअप करवाने और बयान दर्ज करने के बाद इस प्रकरण में पुलिस ने दुष्कर्म की धाराएं भी जोड़ दीं। लड़की फिलहाल अपने मां-बाप के पास है।रवि को पुलिस ने लड़की का अपहरण कर दुष्कर्म करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल वह पुलिस रिमांड पर है।
