श्रीगंगानगर शहर के मंदिरों में चोरी हो रहे हैं चांदी के छत्र
– चार मंदिरों में चोरियां, पुलिस ने एक का भी दर्ज नहीं किया मामला
श्रीगंगानगर। नया वर्ष शुरू होने के साथ ही श्रीगंगानगर शहर के मंदिरों में चोरियों का भी सिलसिला शुरू हो गया। बीते एक पखवाड़े में शहर के अलग-अलग हिस्सों में चार मंदिरों में देवी-देवताओं की प्रतिमाओं पर चढ़े हुए चांदी के अनेक छत्र चोरी हो गए।मंदिरों के अंदर बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में सभी जगह एक ही युवक चोरी करते हुए दिखाई दे रहा है। सभी चोरियां एक ही युवक द्वारा किए जाने की आशंका है। मंदिर प्रबंधन समितियों के पदाधिकारियों ने संबंधित थानों में चोरी होने की सूचना दी है लेकिन किसी भी थाने की पुलिस ने अभी तक चोरी का मामला दर्ज नहीं किया। इससे मंदिर प्रबंधन समितियों के पदाधिकारी ही नहीं बल्कि मंदिरों में आने वाले श्रद्धालुओं में भी आक्रोश है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पहले चोरी पुरानी आबादी में बाबा रामदेव मंदिर में विगत 3 जनवरी को दिन में ही अंजाम दी गई। हल्के नीले आसमानी रंग की जैकेट-हुड्डी पहने एक युवक दोपहर को मंदिर में आया और पूजा अर्चना करने के बहाने प्रतिमा पर से आधा किलो से भी अधिक वजन का चांदी का छत्र उतार कर ले गया। सीसीटीवी फुटेज में युवक बहुत ही होशियारी से चोरी करते हुए दिखाई दे रहा है।उसे मालूम था कि मंदिर के अंदर और बाहर कैमरे लगे हुए हैं। उसने प्रतिमा पर से छत्र को उतरा और बिना मुड़े उल्टे पांव चलते बाहर निकल गया ताकि उसका चेहरा कैमरे में दिखाई नहीं दे।वैसे भी उसने चेहरे को भी किसी कपड़े अथवा मास्क से ढका हुआ था। इसके बाद 14 जनवरी को भी पुरानी आबादी के एक और मंदिर में भी इसी प्रकार चोरी हो गई। सदर थाना अंतर्गत हनुमानगढ़ मार्ग पर बालाजी धाम मंदिर के पास भी एक मंदिर से चांदी के पांच-छः छत्र चोरी हो गए। इस मंदिर के आसपास लगभग एक दर्जन छोटे-बड़े और मंदिर भी हैं।इन मंदिरों में भी दिन में सरेआम छोटी-मोटी वस्तुएं चोरी होने की लगातार घटनाएं हो रही हैं। इन घटनाओं के सोशल मीडिया में वीडियो भी वायरल हो रहे हैं। सभी वीडियो में एक ही युवक दोपहर के समय चोरी करते हुए दिखाई दे रहा है। इन घटनाओं को देखते हुए बाकी मंदिरों के पदाधिकारी ने जहां सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है, वही गुपचुप रूप से इस चोर को पकड़ने के लिए नजर भी रखी जा रही है। शहर के स्वर्णकारों को भी तारक किया गया है कि अगर कोई चांदी के छत्र बेचने आए तो खरीदने से पहले पुलिस को सूचनादी जाए।
