खेतों में चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा,दो गिरफ्तार
– चोरी के आठ इंजन बरामद, पिकअप गाड़ी जब्त
श्रीगंगानगर। हनुमानगढ़ जिले में पुलिस ने खेतों में चोरी करने वाले पंजाब के एक गिरोह का खुलासा किया है। यह गिरोह काफी समय से हनुमानगढ़ जिले के गोगामेडी, फेफाना, टिब्बी तथा आसपास के अन्य थाना इलाकों में खेतों में लगे कृषि उपकरण चोरी करने में लगा था। पुलिस ने बताया कि गोगामेड़ी थाना क्षेत्र में विगत दिसंबर महीने में एक खेत में ट्यूबवेल पर लगे इंजन व कुछ अन्य उपकरण चोरी किए जाने की घटना में हंसराम उर्फ गोरा तथा मलसिंह निवासी रामदित्तेवाला जिला मानसा (पंजाब) को गिरफ्तार किया गया है। इनके द्वारा वारदातों में इस्तेमाल एक पिकअप गाड़ी जब्त की गई है। इनकी निशानदेही पर अभी तक चोरी के आठ इंजन बरामद किए जा चुके हैं। खेतों से इंजन चुराकर यह गिरोह गोगामेडी थाना क्षेत्र में ही एक उजाड़ पर इकट्ठे कर रहा था। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी रिमांड पर है। अभी कुछ और चोरियों का खुलासा होने की संभावना है। इनका एक साथी सौरभ उर्फ कालू को लगभग डेढ़ महीना पहले पुलिस ने गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार मानसा जिले के निवासी ये युवक तथा उनके कुछ साथी पिछले वर्ष नोहर,भादरा तथा आसपास के कुछ अन्य थाना क्षेत्र के गांवों में खेती मजदूरी करने के लिए आए थे। इसी दौरान ही उन्होंने उन खेतों को चिन्हित कर लिया,जिनमें ट्यूबल तथा अन्य कृषि उपकरण लगे हैं। खेती मजदूरी कर वापस जाने के बाद उक्त आरोपी वहां से एक पिकअप गाड़ी लेकर वापिस आए और इंजन आदि उपकरण चोरी करने में लग गए। हंसाराम और मलसिंह के पकड़े जाने के बाद फेफाना थाना पुलिस ने भी एक मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक गांव पदमपुरा के भागूराम जाट ने रिपोर्ट दी है कि चक 10-जेएसएन की रोही में उसके खेत में लगे ट्यूबवेल का इंजन 28 दिसंबर की रात को चोरी हो गया। इसी प्रकार इसी गांव में सतपाल जाट के खेत में पानी की डिग्गी पर लगी 10 हॉर्स पावर की मोटर भी सौरभ उर्फ कालू,हंसराम तथा मलसिंह चोरी कर ले गए। इसी प्रकार निकटवर्ती टिब्बी थाना पुलिस ने भी गांव सालीवाला के सुभाष जाट द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर चक 5-केएसएम में उसके खेत में सोलर सिस्टम की एक मोटर तथा कंट्रोलर अज्ञात व्यक्तियों द्वारा चोरी करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। पिछले 10-12 दिनों में पुलिस ने खेतों से उपकरण चोरी होने के तीन-चार और मुकदमे भी अलग-अलग थानों में दर्ज किए हैं। पुलिस ने कहा कि उक्त गिरोह में शामिल अन्य आरोपियों के बारे में अभी जांच पड़ताल की जा रही है।
