बीमारी से परेशान वाहन चालक ने खुदकुशी की
श्रीगंगानगर। हनुमानगढ़ जिले के नोहर शहर में एक वाहन चालक ने बीमारी से परेशान होकर खुदकुशी कर ली। पुलिस के अनुसार नोहर में पुलिस थाना के पीछे आनंद भवन के एक कमरे में कल शाम को 42 वर्षीय किशोर दर्जी की लाश फंदे पर लटकी हुई मिली, जब उसके परिवार वाले तलाश करते हुए आए। घटना की जांच कर रहे एएसआई छोटूराम ने बताया कि किशोर कुमार दर्जी नोहर रिलीफ सोसाइटी नामक एक संस्था में गाड़ी का चालक था।वह पिछले कुछ समय से सांस की बीमारी से ग्रसित था। वह पुलिस थाने के पीछे ही आनंद भवन में अक्सर आता-जाता रहता था। इसी भवन के एक कमरे में कल किसी समय उसने फांसी का फंदा लगा लिया। इस बीच परिवार वाले उस मोबाइल फोन पर संपर्क करने की कोशिश कर रहे थे। जब उसका मोबाइल नहीं लगा तो वह थाने में किशोर कुमार के बारे में सूचना देने के लिए आ गए पुलिस ने जब उसके मोबाइल फोन की लोकेशन को ट्रेस किया तो वह थाने के पीछे आनंद भवन में ही आ रही थी। वहां जाकर देखने पर किशोर कुमार की लाश फंदे पर लटक रही थी। उसके पिता दिलीप कुमार द्वारा दी गई रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज की गई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद लाश परिवार वालों के सुपुर्द कर दी।
