राजीनामा के लिए कोर्ट परिसर में बुलाकर नहर पर ले गए, टांगें तोड़ दीं
श्रीगंगानगर। जिले के अनूपगढ़ थाना क्षेत्र में कुछ व्यक्तियों ने राजीनामा करने के बहाने एक युवक को बुलाया और उसे नहर पर ले जाकर बुरी तरह से पीट दिया। यह युवक गंभीर रूप से घायल हो गया जो कि फिलवक्त बीकानेर के पीबीएम हॉस्पिटल में उपचाराधीन है। पुलिस के अनुसार समेजा कोठी के वार्ड नंबर 8 निवासी विनोद नायक (30) द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर उसके भाई मांगीलाल का अपहरण करने और उसे गंभीर रूप से घायल करने के आरोप में दयासिंह और उसके छोटे भाई व तीन चार अन्य व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। जांच कर रहे एएसआई कालूराम ने बताया कि मांगीलाल फोटो स्टूडियो का काम करता है।दयासिंह भी फोटोग्राफी के काम से जुड़ा हुआ है। दोनों में कुछ अरसा पहले किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद को सुलझाने के लिए दयासिंह और उसके साथियों ने परसों शनिवार को मांगीलाल को अनूपगढ़ में कोर्ट परिसर में बुलाया। मांगीलाल के वहां आने पर उक्त लोग उसे बातों में लगाकर अपने साथ चक 13-/एपीडी को जाने वाली नहर पर ले गए। वहां उसे लाठी-डंडों से बुरी तरह से पीटा। उसकी दोनों टांगों पर गहरी चोटें लगी। बताया जाता है की टांगों में फ्रैक्चर हो गए हैं। विनोद नायक ने उक्त व्यक्तियों पर आरोप लगाया है कि वह पहले से ही कोर्ट परिसर में घात लगाए हुए थे। मांगीलाल के वहां आते ही उसे पिस्तौल की नोक पर अगवा कर चक 13 एपीडी की नहर पर ले गए। उसे समय मांगीलाल के पास अपनी गर्भवती पत्नी की दवा खरीदने के लिए लगभग 50 हजार रुपए थे। आरोपी रुपए और उसका मोबाइल फोन भी ले गए। जांच अधिकारी ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की गहनता से पड़ताल की जा रही है।
