Breaking News

ससुराल वालों पर बहू की गला घोंटकर हत्या करने का मामला दर्ज, मेडिकल बोर्ड से लाश का पोस्टमार्टम

ससुराल वालों पर बहू की गला घोंटकर हत्या करने का मामला दर्ज, मेडिकल बोर्ड से लाश का पोस्टमार्टम
– मोटरसाइकिल और 21 हजार रुपए के लिए तंग-परेशान करने का लगाया आरोप
श्रीगंगानगर।
हनुमानगढ़ जिले में टिब्बी थाना क्षेत्र के गांव बशीर में विवाहित एक युवती की संदिग्ध हालत में मृत्यु हो जाने पर ससुराल वालों पर उसकी गला घोंट कर हत्या करने का आरोप लगा है। पुलिस ने आज हनुमानगढ़ टाउन के सिविल अस्पताल में मृतक युवती पूजा (22) की लाश का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया। पुलिस के मुताबिक हरियाणा के समीपवर्ती सिरसा जिले में रानिया थाना क्षेत्र के गांव बचेर निवासी विनोद मेघवाल (42)द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर उसकी पुत्री पूजा की हत्या करने के आरोप में रवि, उसके पिता राजेंद्र, भाई पवन और मां कांता देवी आदि के विरुद्ध दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। विनोद ने बताया कि पूजा की शादी 4 वर्ष पहले रवि के साथ उन्होंने अपनी पूरी हैसियत के साथ की थी। शादी के कुछ समय बाद ही रवि और उसके परिवार वाले पूजा को पीहर से मोटरसाइकिल 21 हजार रुपए नगद लाकर नहीं देने पर तंग परेशान करने लगे। ससुराल वालों को समझाने के लिए उन्होंने कई बार पंचायत की लेकिन उन्होंने पूजा को मारपीट कर घर से निकाल दिया। उनके द्वारा पंचायत करने पर ससुराल वाले पूजा को ले गए और उसे कुछ दिन तक ठीक-ठाक रखा, लेकिन 6 महीने पहले फिर से उसे घर से निकाल दिया। पुलिस के मुताबिक पूजा के परिवार वालों ने उसका घर बसाने के लिए ससुराल वालों से कुछ दिन पहले पंचायत की, जिस पर वे पूजा को अपने साथ ले गए।विनोद मेघवाल के अनुसार परसों शनिवार को ससुराल वालों ने फोन कर बताया कि पूजा की हालत खराब है। वह उसे अस्पताल ले गए हैं।जब वे अस्पताल पहुंचे तो पूजा की लाश मोर्चरी में पड़ी थी। विनोद का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी नहीं करने पर उक्त लोगों ने उसकी बेटी की गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार पूजा की मृत्यु शनिवार रविवार की रात को ससुराल घर में संदिग्ध परिस्थितियों में हो गई थी। ससुराल वाले उसे सीधे हनुमानगढ़ टाउन हॉस्पिटल में ले गए,जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। दहेज हत्या का मामला दर्ज होने पर पुलिस ने आज लाश का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया। पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने पर मृत्यु के कारण का पता चलने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *