स्वच्छ भारत अभियान को-ऑर्डिनेटर ने जिला परिषद को एसएसबी रोड पर सफाई व्यवस्था सुधारने के दिए निर्देश
श्रीगंगानगर। स्थानीय एसएसबी रोड़ स्टेट हाइवे के बीएसएफ कैम्पस के सामने मुख्य नाले एवं चक 3 ई छोटी की चरमराई सफाई व्यवस्था को लेकर भाजपा नेता रजत स्वामी ने आज राज्य सरकार के स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के समन्वयक के.के गुप्ता को अवगत करवाया।
भाजपा नेता रजत स्वामी ने बताया कि विगत शनिवार को यूआईटी सचिव एवं पंचायत समिति विकास अधिकारी को भी मामले से अवगत करवाया था जिस पर कोई सुनवायी नहीं हुई। राज्य सरकार के स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण समन्वयक के.के गुप्ता ने भाजपा नेता रजत स्वामी के मार्फ़त मिली शिकायत पर आज संज्ञान लेते हुए जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को पत्र लिखा कि ग्राम पंचायत 2 एमएल व ग्राम पंचायत 3 ई छोटी के मुख्य मार्ग एसएसबी रोड़ स्टेट हाइवे पर कचरे के ढेर लगे हुए हैं। नालियों का पानी भी उचित निस्तारण नहीं होने से फैल रहा है,जिसमे स्थानीय निवासियों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। केके गुप्ता ने जिला परिषद सीईओ को तत्काल सफाई करवाकर फोटो सहित रिपोर्ट करने के निर्देश भी दिए हैं।पत्र की प्रतिलिपि जिला कलेक्टर और ग्राम विकास अधिकारियों को भी भेजी गई है। भाजपा नेता रजत स्वामी ने आज जिला कलेक्टर को भी मामले से अवगत करवाते हुए कहा है कि यूआईटी अपने अधीन क्षेत्र में सफाई नहीं करवा रही।ओवरफ़्लो नाले-नालियों से घरों का भी नुक़सान हो रहा है।वहीं एसएसबी रोड़ पर बीएसएफ कैम्पस के सामने मुख्य नाला जो 2 ई छोटी की तरफ जाता है, के ओवरफ़्लो होने से दुकानदारों एवं स्थानीय घरों को भारी नुकसान होने की आंशका है। नाले का पानी घरों एवं दुकानों की नींव में जा रहा है। स्थानीय लोगों ने यूआईटी एवं ग्राम पंचायत सरपंच को अनेक बार शिकायत की है लेकिन कोई सुनवायी नहीं हो रही।
