अवैध संबंध हत्या मामले में आरोपी चाची भी गिरफ्तार
– भतीजे को अदालत ने पुलिस रिमांड पर भेजा
श्रीगंगानगर। हनुमानगढ़ जिले के तलवाड़ा थाना क्षेत्र के गांव श्योदानपुरा में रविवार-सोमवार की रात को घर के कमरे में सोए हुए 30 वर्षीय युवक उग्रसेन जाट की तेज धार वाले हथियार से हत्या कर दिए जाने की घटना में पुलिस ने मकतूल की पत्नी एकता (28) को भी गिरफ्तार कर लिया है। उग्रसेन के रिश्ते में लगते भतीजे राजेश (23) को पुलिस ने आज अदालत में पेश किया। अदालत ने उसे पुलिस रिमांड पर भेज दिया ।एकता को कल बुधवार को अदालत में पेश किया जाएगा। उग्रसेन के बड़े भाई भीमसेन द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर एकता और अज्ञात के विरुद्ध कल सोमवार को हत्या का मामला दर्ज किया गया था, जिसमें उसने एकता पर उसके भाई यानी अपने पति की हत्या करवाने का आरोप लगाया था। पुलिस के मुताबिक एकता के अपने रिश्ते में लगते भतीजे राजेश से कथित रूप से नाजायज संबंध हो गए थे। इसी बात को लेकर कुछ दिन पहले एकता की अपने पति उग्रसेन से बोलचाल हो गई थी। इसके बाद वह अपने पीहर निकटवर्ती गांव धौलपलिया चली गई। कल सोमवार सुबह उग्रसेन अपने घर के कमरे में मृत हालत में मिला तो परिवार वालों द्वारा शक जाहिर किए जाने पर पुलिस ने एकता से पूछताछ की। तब खुलासा हुआ कि रविवार- सोमवार की रात को राजेश ने हत्या को अंजाम दिया। उग्रसेन के कमरे में जाकर उसकी हत्या करने से पहले राजेश ने साथ वाले कमरे में का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया था। इस कमरे में भीमसेन,उसकी पत्नी और बच्चे सोए हुए थे। पुलिस ने बताया कि अब राजेश और एकता से पूछताछ कर हत्याकांड की सारी कड़ियों को जोड़ा जा रहा है। वारदात में इस्तेमाल किया गया हथियार बरामद करने के प्रयास भी किया जा रहे हैं।
