Breaking News

जवाहरनगर के सेक्टर 8 में सीसीटीवी फुटेज से एक महीने से बंद मकान में हुई लाखों की चोरी का खुलासा, तीन काबू

जवाहरनगर के सेक्टर 8 में सीसीटीवी फुटेज से एक महीने से बंद मकान में हुई लाखों की चोरी का खुलासा, तीन काबू
श्रीगंगानगर।
जवाहरनगर के सेक्टर नंबर 8 में लगभग एक महीने से बंद मकान से लाखों रुपए मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चुरा लिए जाने की घटना का सीसीटीवी फुटेज से खुलासा हुआ है। पुलिस ने दिनेश गोल्याण के मकान में चोरी करने के आप में हरप्रीतसिंह पुत्र गुरमुखसिंह निवासी चक 2-ई (छोटी), मोनू पुत्र पंकज निवासी रामलाल कॉलोनी और संदीप पुत्र पप्पूराम निवासी एसएसबी रोड को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि हरप्रीतसिंह बहुत ही शातिर चोर है। वह पहले भी चोरी चकारी के मामलों में पकड़ा जाता रहा है। मोनू को पुलिस ने लगभग डेढ़ वर्ष पहले एक नाबालिग लड़की का अपहरण कर दुष्कर्म करने के आरोप में गिरफ्तार किया था। वह काफी समय तक न्यायिक अभिरक्षा के तहत जेल में बंद रहा। वह कुछ दिन पहले ही जेल से बाहर आया है। संदीप के पिछले आपराधिक रिकॉर्ड का अभी पता नहीं चला।पुलिस सूत्रों के अनुसार तीनों  नशा करने के आदी हैं। दिनेश गोल्याण 18 दिसंबर को जवाहरनगर के सेक्टर नंबर 8 में अपने मकान को बंद कर परिवार सहित अहमदाबाद चला गया था। उसका अहमदाबाद में भी कारोबार है। उसका बेटा बेंगलुरु में रहता है। दिनेश विगत 15 जनवरी को वापस आया तो घर में चोरी होने का पता चला। जानकारी के अनुसार चोर रोशनदान की जाली को काटकर घर में घुसे और करीब साढ़े सात तोला सोने के जेवरात तथा लगभग 20 किलो चांदी की वस्तुएं चुरा ले गए। इनमें लगभग 16 किलो चांदी के गहने हैं। इसके अलावा भी घर से कुछ कीमती वस्तुएं गायब मिलीं। दिनेश गोल्याण ने 15 जनवरी को घर आते ही चोरी होने का पता चलने पर पुलिस को सूचना दे दी थी। पुलिस ने 3 दिन बाद 18 जनवरी को अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।पुलिस सूत्रों के अनुसार दिनेश के घर के अंदर बाहर सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं।इन कैमरों की फुटेज से पता चला की चोरी की वारदात 18 दिसंबर की रात को ही हो गई थी। अड़ोस पड़ोस के लोगों को इसका पता ही नहीं चला। पुलिस अब पकड़े गए  तीनों युवकों से पूछताछ कर और उनकी निशानदेही पर चुराए गए गहने बरामद करने का प्रयास कर रही है।हालांकि पुलिस सूत्रों का कहना है कि चोरी हुए एक महीने से भी अधिक का समय हो गया है।आरोपी युवक नशा करने के आदी हैं। उन्होंने चोरी के गहने बहुत ही कम दामों पर कुछ लोगों को बेच दिए।पुलिस चोरों को साथ लेकर बेचे गए गहने बरामद करने का प्रयास कर रही है। देखना यह है कि पुलिस चोरी के गहने खरीदने वालों को भी गिरफ्तार करती है या नहीं। पुलिस का यह भी कहना है कि इन युवकों से शहर के विभिन्न इलाकों में पिछले दो-तीन महीनों के दौरान हुई चोरी की अनेक छोटी-बड़ी वारदातों के बारे में पूछताछ की जा रही है।

मंदिर में चोरी करते पकड़ा गया युवक
श्री गंगानगर।
घमूडवाली थाना क्षेत्र के चक 11-ईईए में लोगों ने कल सोमवार दोपहर को मंदिर में चोरी करते हुए एक युवक को पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए युवक निहालसिंह निवासी डूंगरसिंहपुरा थाना लालगढ़ जाटान के खिलाफ गांव के अरुण कुमार नामक व्यक्ति द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है।जांच कर रहे रिडमलसर पुलिस चौकी प्रभारी एएसआई सुरेशचंद ने बताया कि निहालसिंह कल सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे चक 11-ईईए में बाबा खेत्रपाल के मंदिर में चला गया। वहां प्रतिमा पर लगा चांदी का छत्र चोरी करते हुए पकड़ा गया। निहालसिंह से पूछताछ की जा रही है। याद रहे की इसी महीने श्रीगंगानगर शहर में चार-पांच मंदिरों में चांदी के अनेक छात्र चोरी हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *