मंगेतर से शारीरिक संबंध बनाने के बाद शादी से इनकार
– आरोपी रेलवे कर्मी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज
श्रीगंगानगर। सगाई होने के बाद रेलवे में नौकरी मिल जाने पर एक युवक ने मंगेतर से गेस्ट हाउस में शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद वह शादी करने से इनकार कर गया। पीड़िता द्वारा दी गई रिपोर्ट पर कोतवाली पुलिस ने युवक और उसके परिवार वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक श्रीगंगानगर के नजदीक पंजाब सीमा से लगता एक गांव की निवासी 24 वर्षीय पीड़िता द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर सूरतगढ़ उपखंड क्षेत्र के एक गांव के निवासी सोनू नामक युवक और उसके परिवार वालों के खिलाफ धारा 376(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस को दी गई रिपोर्ट में पीड़िता ने बताया है कि मई 2023 में जब वह श्रीगंगानगर के एक कॉलेज में अध्यनरत थी, तभी सोनू से उसकी सगाई दोनों परिवारों की सहमति से हो गई थी। सगाई में उसके परिवार वालों ने सोनू और उसके परिवार वालों को उपहार में गहने, कपड़े तथा 21 हजार रुपए नगद दिए थे। रिश्ता पक्का होने के बाद सोनू उससे मोबाइल पर बात करने लगा। वह बार-बार उसे मिलने के लिए बोलता लेकिन वह मना कर देती थी कि अभी उनका विवाह नहीं हुआ। विवाह से पहले मिलना जुलना सामाजिक दृष्टि से उचित नहीं है, लेकिन वह फिर भी उस पर मिलने के लिए दबाव डालता रहता था कि कुछ ही दिनों में उनकी शादी तो हो ही जाएगी। पीड़िता के अनुसार रिश्ता तय होने के सात-आठ महीने बाद सोनू की रेलवे में नौकरी लग गई। वह दिल्ली चला गया लेकिन निरंतर फोन करता रहता था। सोनू कहता था कि अब जल्दी ही उनकी शादी होने वाली है। वह नौकरी भी लग गया है। अब जब वह श्रीगंगानगर आएगा तो उसे मिलने के लिए आना होगा। सोनू ने कहा कि वह नौकरी लगने की खुशी में उसे पार्टी और उपहार देना चाहता है। पुलिस सूत्रों के अनुसार पीड़िता ने बताया कि वह पिछले वर्ष 12 मार्च को अपने भाई सहित गांव से श्रीगंगानगर आई हुई थी। तभी सोनू ने फोन कर उसके भाई को बताया कि वह भी छुट्टी लेकर श्रीगंगानगर आया हुआ है। वह उसे और उसकी बहन को मिलकर पार्टी देना चाहता है। पीड़िता के मुताबिक सोनू ने उनको सुखाडिया सर्किल पर आने के लिए कहा।वहां जाने पर उसका भाई अपने किसी काम से कुछ देर के लिए बाजार चला गया। सोनू सुनियोजित साजिश के तहत उसे सुखाडिया सर्किल के समीप एक गेस्ट हाउस में ले गया और कहां की कमरे में पार्टी की व्यवस्था कर रखी है। कमरे में जाने पर उसने अंदर से कुंडी लगा ली और अश्लील हरकतें करने लगा। वह शारीरिक संबंध के लिए दबाव बनाने लगा। उसने इंकार किया तो सोनू ने कहा कि दिल्ली जैसे शहरों में यह आम बात है। अगर उसकी बात नहीं मानी तो वह रिश्ता तोड़ देगा। इस तरह रिश्ता तोड़ने का दबाव बनाकर सोनू ने उसके साथ दो बार शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान उसके भाई ने उसे कई बार फोन किया लेकिन सोनू ने ना तो खुद फोन उठाया और ना ही उसे फोन उठाने दिया। इस घटना से वह अत्यधिक आहत हुई लेकिन अपना रिश्ता बचाने और भविष्य के दृष्टिगत इस घटना के बारे में किसी को नहीं बताया। इसके बाद सोनू वापस चला गया। वह जब भी बात करता तो कहता कि जल्दी ही छुट्टी लेकर आऊंगा और दोनों परिवार बैठकर शादी की तारीख निर्धारित कर लेंगे। पीड़िता के अनुसार वह जब भी सोनू से शादी के बारे में पूछती तो वह टाल मटोल कर जाता। धीरे-धीरे उसने बात करनी भी कम कर दी। फिर एक दिन उसने साफ इनकार कर दिया कि वह उससे शादी नहीं करेगा क्योंकि वह उसके लेवल की नहीं है। पुलिस को पीड़िता ने बताया कि जब उसके परिवार वालों ने सोनू के परिवार वालों से बात की तो वह भी शादी करने से साफ इनकार कर गए।
