शहर के मंदिरों में भी चोरी करना स्वीकारा!
श्रीगंगानगर। घमूडवाली थाना क्षेत्र के चक 11-ईईए के एक मंदिर में चांदी के छत्र चोरी करते रंगे हाथ पकड़े गए निहालसिंह निवासी डूंगरसिंहपुरा थाना लालगढ़ जाटान नामक युवक ने श्रीगंगानगर शहर के मंदिरों में भी चोरी करना स्वीकार किया है। पुरानी आबादी थाना पुलिस के अनुसार विगत 3 जनवरी को बाबा खेतरपाल मंदिर में आधा किलो से भी अधिक वजनी चांदी का छत्र चोरी हो गया था। इस घटना के संबंध में अब भूपचंद नामक व्यक्ति द्वारा दी गई रिपोर्ट पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।पुरानी आबादी थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर ज्योति नायक ने बताया कि यह चोरी निहालसिंह ने की है। निहालसिंह को जल्दी ही प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर लाया जाएगा। उधर घमूडवाली थाना क्षेत्र में हुई चोरी की घटना की जांच कर रहे एएसआई सुरेश कुमार ने बताया कि निहालसिंह की निशानदेही पर चक 11-ईईए में हुई चोरी की वस्तुएं बरामद कर ली गई हैं। उसे आज अदालत में पेश किया गया। उल्लेखनीय है कि इस महीने श्रीगंगानगर में अनेक मंदिरों में चोरी की घटना हुई हैं। लगभग सभी मंदिरों से चांदी के छत्र चोरी हुए हैं। बाकी मंदिरों में भी निहालसिंह द्वारा चोरी किए जाने की आशंका है। उधर, हनुमानगढ़ जिले के पीलीबंगा थाना क्षेत्र के गांव भागसर में भी विगत 16-17 जनवरी की रात एक साथ चार मंदिरों में चोरी हो गई थी। पुलिस पता लग रही है कि यह चोरियां भी कहीं निहाल सिंह ने तो नहीं की।
