पौने दो लाख रूपए लेकर नशा करने वाली युवती से शादी करवा दी, धोखाधड़ी का मामला दर्ज
श्रीगंगानगर। हनुमानगढ़ जिले के भादरा शहर की निवासी एक महिला पर एक शख्स ने 1लाख 70 हजार रुपए लेकर नशा करने वाली युवती से उसकी शादी करवा देने का आरोप लगाया है। शादी के बाद यह युवती गायब भी हो गई।पुलिस के अनुसार गांव भाड़ी निवासी प्रताप जाट (49) द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर भादरा में कुटिया रोड पर रहने वाली मीनू अग्रवाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक प्रताप जाट ने बताया है कि उसकी शादी नहीं हो रही थी। उसने अपने एक जानकार जब्बार खान को बताया तो जब्बार खान ने जानकारी दी की मीनू अग्रवाल विवाह-शादियां करवाती है। वह उसकी शादी भी करवा देगी। इस पर वह जब्बार खान को साथ लेकर मीनू अग्रवाल से मिला तो उसने बताया कि उसकी नजर में एक लड़की है जो कि गरीब परिवार की है। वह उससे शादी करवा देगी लेकिन दो लाख रुपए लगेंगे। प्रताप जाट के अनुसार 1लाख 70 हजार रुपए में बात तय हो गई। इसके बाद 8 सितंबर 22 को मीनू ने एक लड़की से उसकी शादी करवा दी। शादी के बाद उसे पता चला कि यह लड़की चिट्टा का नशा करती है। वह तीन दिन उसके घर रही। इस दौरान वह बार-बार अपने घर जाने के लिए कहती रही। जब उन्होंने मीनू अग्रवाल को बताया तो उसने कहा कि उसे कुछ दिनों के लिए अपने घर भेज दो। वह बाद में युवती को उसके घर भिजवा देगी लेकिन वह युवती नहीं आई। प्रताप जाट ने आरोप लगाया है कि उसने कई बार प्रयास किये लेकिन मीनू अग्रवाल ने ना तो रुपए वापस किया और ना ही उसकी शादी करवाई। पुलिस के अनुसार प्रताप जाट ने मुकदमे में उल्लेख नहीं किया कि जिस लड़की से उसकी शादी करवाई गई थी वह कौन थी और कहां की थी।
