लाखों रुपए मूल्य की बिजली की तारें चोरी, धर्मकांटा के ताले तोड़कर भी चोर नगदी के साथ डीवीआर ले गए
श्रीगंगानगर। हनुमानगढ़ जिले में तलवाड़ा थाना क्षेत्र में कर जहां लाखो रुपए मूल्य की बिजली की तारे ले गए,वहीं सदर थाना क्षेत्र में एक धर्मकांटा से नगदी के साथ सीसीटीवी कैमरा का रिकॉर्डिंग इंस्ट्रूमेंट भी ले गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार तलवाड़ा थाना क्षेत्र में मिर्जावाला- रामपुर-केहरवाला रुट पर विद्युत निगम द्वारा बिजली की नई तारे बिछाई जा रही हैं।इसका ठेका जयपुर की एक फर्म को मिला है। फर्म के एक प्रतिनिधि विपुल शर्मा निवासी आगरा (उत्तर प्रदेश) ने थाने में रिपोर्ट दी है कि उक्त रूट पर बिछाई जा रही बिजली की नई लाइन से 15-16 और 20-21 जनवरी की रात को अज्ञात चोर रैबिट कंडक्टर वायर चोरी कर ले गए। विपुल शर्मा ने बताया कि उक्त दो रातों को अज्ञात चोर लगभग 2 लाख 50 हजार रुपए मूल्य की वायर चोरी कर ले गए हैं।पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। उधर सदर थाना में गांव पक्का भादवा के रणवीर कुमार ने उसके धर्मकांटा से नगदी, गौशाला का दान पत्र तथा सीसीटीवी कैमरों का रिकॉर्डिंग इंस्ट्रूमेंट डीवीआर अज्ञात व्यक्तियों द्वारा चोरी करने के आरोप में मुकदमा दर्ज करवाया है। पुलिस के मुताबिक रणवीर ने बताया है कि विगत 8 दिसंबर की रात को अज्ञात व्यक्ति उसके धर्मकांटा के ताले तोड़कर 41 हजार रुपए की नगदी, गौशाला का दान पत्र और धर्म कांटा के अंदर-बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों का रिकॉर्डिंग इंस्ट्रूमेंट द्वार चोरी कर ले गए। दानपत्र में 7-8 सौ रुपए की चढ़ावा राशि थी। इस घटना की जांच कर रहे हवलदार आशुतोष मीणा ने बताया कि रणवीर चार-पांच दिन के लिए कहीं बाहर गया था। इस दौरान उसका धर्मकांटा बंद था। इसी दौरान ही चोरी की घटना हुई है। घटना स्थल के नजदीक एक अन्य जगह पर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं,जिसकी फुटेज से चोर का पता लगाने के प्रयास किया जा रहे हैं।
