केसरीसिंहपुर में युवक ने सल्फास खाकर आत्महत्या की
– सुसाइड नोट में लिखा-मेरे मरने की खबर उसे जरूर देना!
श्रीगंगानगर। श्रीगंगानगर जिले के सीमावर्ती केसरीसिंहपुर कस्बे में 22-23 वर्ष के एक नौजवान ने कल शाम को सल्फास की गोलियां खाली। उसे गंभीर हालत में स्थानीय सरकारी अस्पताल में ले जाया गया। डॉक्टर ने हालत नाजुक देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार दिया और श्रीगंगानगर जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।यहां जिला अस्पताल में ले जाने के कुछ देर बाद ही उसकी मृत्यु हो गई। युवक के परिवार वालों ने आज पोस्टमार्टम करवाने से इनकार कर दिया। उन्होंने पुलिस को लिखित में दिया कि वह पोस्टमार्टम नहीं करवाना चाहते। इस पर पुलिस ने शव उनके सुपुर्द कर दिया। पुलिस के अनुसार युवक के पहने हुए कपड़ों में मां के नाम लिखा हुआ एक सुसाइड नोट मिला है। सुसाइड नोट में युवक ने लिखा-मां मैं अपनी जिंदगी से हार गया हूं और सॉरी! मैं मजबूर होकर आज सल्फास की गोली खाकर मैं अपनी जान दे रहा हूं। मैंने मेरी जिंदगी में तुझे जितना भी परेशान किया,उसके लिए क्षमा चाहता हूं। मां मुझे जिंदगी में माफ कर देना। मैं बहुत दिन से परेशान था। मैं एक लड़के से प्यार करता था। मेरे मरने की खबर उसको जरुर फोन करके बता देना। उसका मोबाइल नंबर…है।आपको मेरी कसम है।उसको फोन करके जरूर बताना। और मैं किसी के कारण नहीं मरा। मैं अपनी जिंदगी से परेशान होकर यह कदम उठा रहा हूं।आई एम सॉरी मां।
कीटनाशक दवा के दुष्प्रभाव से दो की मौत
इस बीच श्रीगंगानगर जिले में कीटनाशक दवा के दुष्प्रभाव से एक युवती समेत दो व्यक्तियों की मृत्यु हो गई। मटीली राठन पुलिस के अनुसार गांव साहिबसिंह वाला निवासी बगीचासिंह की ओर से रिपोर्ट दर्ज की गई है कि उसकी बहन नवदीपकौर (19) ने विगत 24 जनवरी को खांसी की दवा समझकर किसी जहरीली दवा का भूलवश सेवन कर लिया। उसकी इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। उधर श्रीबिजयनगर थाना क्षेत्र के चक 5-एसटीबी निवासी कृष्णलाल भोपा (50) की भी कीटनाशक दवा के दुष्प्रभाव से मृत्यु हो गई। मृतक के पुत्र धन्नाराम द्वारा दी गई रिपोर्ट पर पुलिस ने मर्ग दर्ज की है। पुलिस के अनुसार धन्नाराम ने बताया कि उसके पिता 23 जनवरी को दीपसिंह के खेत में फसल पर कीटनाशक दवा का छिड़काव करते समय बेहोश हो गए थे। उनकी इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। पुलिस ने दोनों मृतको के शव पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिवार वालों के सुपुर्द कर दिए।
