अनूपगढ़ में 10 दिनों में शराब की तीन दुकानों में चोरी
– चोरी करने वाले डीवीआर साथ ही ले जाते हैं
श्रीगंगानगर। अनूपगढ़ में 10 दिनों में शराब की तीन दुकानों में चोरी हो गई।चोरी करने वाले दुकानों के ताले तोड़ने के बाद शराब तथा नगदी के साथ सीसीटीवी कैमरों के रिकॉर्डिंग इंस्ट्रूमेंट(डीवीआर)को भी साथ ही ले जाते हैं। तीसरी घटना बीती रात अनूपगढ़ में बस अड्डा के समीप शराब की एक दुकान में हुई। इस दुकान के भी ताले तोड़कर चोर शराब तथा नगदी के साथ डीवीआर ले गए।हासिल जानकारी के अनुसार शराब की दुकान के नजदीक एक होटल का संचालक आज सुबह जब होटल पर आया तो पास में ही शराब की दुकान के ताले टूटे हुए थे। उसने दुकान के सेल्समैन को सूचना दी।कुछ ही देर में सेल्समैन दुकान पर पहुंच गया। सूचना मिलने पर थाने से एएसआई लालचंद मौके पर पहुंचे। उन्होंने आसपास अन्य दुकानों व प्रतिष्ठानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को चेक किया। इस बीच सेल्समैन ने बताया कि वह कल रात दुकान बंद कर जाते समय गले में लगभग 40 हजार रुपए बिक्री के छोड़ गया था जो कि गायब हैं। जानकारी के अनुसार दुकान से कुछ शराब भी नदारद है। अनूपगढ़ में बीते 10 दिनों में शराब की दुकान में चोरी होने की यह तीसरी घटना है। सबसे पहले प्रेम नगर में शराब की दुकान में चोरी हुई थी। फिर चक 22-ए में शराब की एक दुकान में चोरी हो गई। इन दोनों दुकानों से भी चोर नगदी व शराब के साथ ही सीसीटीवी कैमरों के रिकॉर्डिंग इंस्ट्रूमेंट को ले गए थे। पुलिस ने आशंका जताई है कि इन सभी वारदातों में एक ही गिरोह का हाथ है। अभी तक इस गिरोह का कोई सुराग नहीं लगा।
