Breaking News

नाबालिग लड़की बरामद,किशोर को निरुद्ध किया

नाबालिग लड़की बरामद,किशोर को निरुद्ध किया
श्रीगंगानगर।
हनुमानगढ़ जिले के तलवाड़ा थाना अंतर्गत तलवाड़ा झील गांव से दो हफ्ते पहले लापता हुई एक नाबालिग लड़की को पुलिस ने बरामद कर लिया है।  लड़की को एक किशोर बहला फुसला कर ले गया था। उसे पुलिस ने अपहरण करने के आरोप में निरूद्ध किया है। थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर रजनदीपकौर ने बताया कि एक घुमंतु परिवार बैलगाड़ी से 15 जनवरी को तलवाड़ा झील आया था। इस परिवार ने गांव के नजदीक अपना डेरा लगाया। परिवार की 12 वर्षीय लड़की गांव में दूध लेने गई तो वापस नहीं आई। तलाश करने पर भी लड़की नहीं मिली तो उसके परिवार के एक सदस्य द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर 18 जनवरी को अज्ञात व्यक्ति पर अपहरण का मामला दर्ज किया गया। जानकारी के अनुसार यह लड़की अपने परिवार की एक अन्य लड़की के साथ गांव में दूध लेने गई थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर एक लड़का आया, जो उसे लेकर चला गया। दूसरी लड़की अकेली घर वापस आई। पुलिस ने बताया कि गायब हुई लड़की के पास कोई मोबाइल फोन नहीं था।परिवार वालों के पास उसकी फोटो तथा आईडी भी नहीं थी। इसलिए लड़की को ढूंढना बहुत ही मुश्किल था। उसका पता लगाने के लिए थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर रजनदीपकौर के नेतृत्व में गठित टीम में शामिल सिपाही अमनदीप,अनिल, संदीप, तरसेमसिंह, रामावतार और राधेश्याम ने भरसक प्रयास कर आखिरकार लड़की को निकटवर्ती हरियाणा के सिरसा जिले में ऐलनाबाद रेलवे स्टेशन के पास से दस्तयाब कर लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि उसके साथ एक किशोर भी। यह दोनों कई शहरों में घूमते हुए ऐलनाबाद आ गए थे।पता चलने पर दोनों को व तलवाडा लाया गया। लड़की का मेडिकल चेकअप करवाया गया है, जिसकी रिपोर्ट आने पर पता चलेगा कि उसके साथ कोई गलत हरकत तो नहीं हुई। दूसरी तरफ किशोर को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे संप्रेषण गृह भेज दिया गया। लड़की को मां-बाप के सुपुर्द किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *