सेतिया कॉलोनी में बाइक सवार युवकों द्वारा महिला से छेड़छाड़, विरोध करने पर परिवार से मारपीट
श्रीगंगानगर। पायल सिनेमा के नजदीक सेतिया कॉलोनी में गुरुनानक चौक से भांभू कॉलोनी को जाने वाली में रोड पर कल रात 8:30 बजे अपने पति के साथ निकट की एक दुकान से दूध लेकर घर जा रही महिला से मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों द्वारा छेड़छाड़ किए जाने की घटना को लेकर हंगामा हो गया। पुलिस को रिपोर्ट देते हुए महिला ने बताया कि मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों में से एक ने जानबूझकर उसे पैदल जाते हुए को कंधा मारा। उसने और उसके पति ने युवकों को रोका और पूछा तो वे धमकियां देने लगे। उक्त युवक उनके पीछे-पीछे घर आ गए। उससे और उसके पति से मारपीट करने लगे। इसी दौरान उसकी सास और ननद बीच बचाव करने आए तो उनके साथ भी मारपीट करते हुए अश्लील हरकतें कीं। उसकी सास के पहनी हुई सोने की बालियां छीन लीं। शोर- शराबा मचने पर अड़ोस पड़ोस के लोगों ने आकर बीच- बचाव किया। इसी बीच तीनों युवक फरार हो गए। पुलिस ने बताया कि अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से जांच पड़ताल की जा रही है। युवकों के शीघ्र पकड़े जाने की संभावना है।
