भारतमाला रोड पर कार-ट्रक भिड़ंत में युवक की मौत
श्रीगंगानगर। हनुमानगढ़ जिले के पीलीबंगा थाना क्षेत्र में भारतमाला रोड पर कर और ट्रक में टक्कर हो जाने से एक युवक की मृत्यु हो गई।पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान कर सवार विजय हिमानी (30) के रूप में हुई है। यह हादसा कल दोपहर पीलीबंगा थाना क्षेत्र में गांव जाखडांवाली के समीप भारतमाला प्रोजेक्ट रोड पर हुआ। मृतक विजय हिमानी के पिता पुरुषोत्तमदास सिंधी निवासी रायसिंहनगर द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर ट्रक चालक के विरुद्ध लापरवाही के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस को पुरुषोत्तमदास ने बताया कि उसका बेटा कार द्वारा हनुमानगढ़ से लूणकरणसर जा रहा था। गांव जाखडांवाली के पास आगे जा रहे ट्रक के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दी, जिससे बेटे की कर ट्रक में पीछे से टकरा गई। जानकारी के अनुसार घायल अवस्था में विजय हिमानी को लोगों ने पीलीबंगा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम होने के बाद लाश परिवार वालों के सुपुर्द कर दी। इस बीच श्रीगंगानगर-सूरतगढ़ रोड नेशनल हाईवे 62 पर गोलूवाला थाना क्षेत्र में कैंचिया चौराहे पर कल शुक्रवार सुबह एक कार में लोक परिवहन सेवा की बस ने पीछे से टक्कर मार दी, जिससे कार में सवार एक महिला घायल हो गई। पुलिस के मुताबिक जगतेज सिंह जटसिख (53) निवासी चक 12-एमएल तहसील पदमपुर द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर बस चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। कैंचियां पुलिस चौकी प्रभारी सब इंस्पेक्टर वेदप्रकाश ने बताया कि कैंचिया चौराहे पर कल सुबह लगभग 10 बजे एक पिकअप गाड़ी के चालक ने सामान उतारने के लिए पिकअप को रोका तो पीछे कार लेकर आ रहे जगतेज सिंह ने भी ब्रेक लगा दिए। मगर किर के पीछे आ रही बस का चालक रुक नहीं पाया और बस की कार में पीछे से टक्कर हो गई।जगतेजसिंह की पत्नी के चोटें लगीं। कार में इस दंपती समेत तीन लोग सवार थे।किर का भी काफी नुकसान हो गया।
