अज्ञात व्यक्ति रेलगाड़ी से कटा,अधेड़ नहर में डूबा
श्रीगंगानगर। हनुमानगढ़ जंक्शन थाना क्षेत्र में एक अज्ञात व्यक्ति सहित दो जनों की मृत्यु होने के मामले सामने आए हैं। पुलिस के मुताबिक सार्दुल ब्रांच नहर में कल सोमवार को अधेड उम्र के एक व्यक्ति की लाश मिली। लाश को हनुमानगढ़ टाउन सिविल अस्पताल के मुर्दाघर में सुरक्षित रखवाया गया। मृतक की पहचान हनुमानगढ़ जंक्शन में ही सुमित रिणवा के मकान के नजदीक रहने वाले जसविंदरसिंह के रूप में हुई। मामले की जांच कर रही सब इंस्पेक्टर चूकादेवी ने बताया कि जसविंदरसिंह 2 फरवरी को नहर में गिर गया था। नहर के किनारे उसकी चप्पलें पड़ी हुई मिली थीं। जसविंदरसिंह नहर में कैसे गिरा, इसका अभी पता नहीं चला। मुर्दाघर में रखे उसके शव की पहचान उसकी पत्नी कर्मजीतकौर ने की। पोस्टमार्टम करवाने के बाद लाश परिवार वालों के सुपुर्द कर दी गई। इस बीच जोडकियां गांव में रेल पटरी पर एक अज्ञात व्यक्ति की लाश कटी-फटी हालत में मिली है। पुलिस के अनुसार मृतक की शिनाख्त नहीं हुई है। लाश को सिविल अस्पताल के मुर्दाघर में सुरक्षित रखा हुआ है। इस संबंध में एएसआई राजेंद्र कुमार द्वारा दी गई रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज की गई है। जांच एएसआई कालूराम कर रहे हैं।
