Breaking News

बाबा खेतरपाल मंदिर की पुजारिन के पुत्र की कमरे में आग लगने से मौत, सामान भी आज की चपेट में आया

बाबा खेतरपाल मंदिर की पुजारिन के पुत्र की कमरे में आग लगने से मौत, सामान भी आज की चपेट में आया

श्रीगंगानगर। स्थानीय सेतिया कॉलोनी में संत कृपालनगर के नजदीक बाबा खेतरपाल मंदिर की पुजारिन नीलम के अविवाहित पुत्र रमन चावला (34) की आज दोपहर घर के ऊपर वाले कमरे में आग लगने से मृत्यु हो गई।कमरे में रखा सामान भी आज की चपेट में आ गया। घटना की सूचना मिलने पर सेतिया कॉलोनी पुलिस चौकी प्रभारी सब इंस्पेक्टर रामेश्वर और कोतवाली से ड्यूटी ऑफिसर एएसआई सोमदास दल-बल सहित मौके पर पहुंचे। घटनास्थल की जांच करने के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल)की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। मौके की कार्यवाही के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल के मुर्दाघर ले जाया गया। पुलिस के अनुसार रमन चावला के बड़े भाई एडवोकेट इंद्रजीत द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर मर्ग दर्ज की गई है। इंद्रजीत चावला ने बताया कि रमन घर के ऊपर वाले कमरे में था और कमरे में आग लगने से वह झुलस गया। पोस्टमार्टम करवाने के बाद लाश परिवार वालों के सुपुर्द कर दी गई। घटना की सूचना पाकर पुलिस जब मौके पर पहुंची तो घर के ऊपर वाले कमरे में रमन का जला हुआ शरीर आधा कुर्सी पर और आधा जमीन पर था। उसके घुटने जमीन पर टिके हुए थे। कुर्सी उसके शरीर से चिपकी हुई थी। पुलिस ने बताया कि कमरे में बेड, एलइडी टीवी,बिस्तर और कपड़े आदि काफी सामान आग में जल गया। आग बुझाने के लिए दमकल को बुलाया गया। एडवोकेट इंद्रजीत चावला ने बताया कि वह सुबह लगभग 11 बजे रोजाना की तरह कोर्ट जाने के लिए घर से निकले, तब रमन मंदिर के बाहर अपनी चावला स्वीट्स दुकान में बैठा चाय पी रहा था।वह बिल्कुल सामान्य लग रहा था। करीब 12 बजे उनको सूचना मिली कि घर के ऊपर वाले कमरे में आग लग गई है और रमन कमरे में ही है। वह तुरंत घर पहुंचा और ऊपर वाले कमरे में जाकर बिजली के बटन को जैसे ही हाथ लगाया उन्हें भी झटका सा लगा। कमरे में रमन का शरीर घुटनों के बल कुर्सी से चिपका हुआ था। अंदर सारा सामान भी जला हुआ था। एडवोकेट चावला के अनुसार कोई अंदाजा नहीं है कि कमरे में आग कैसे लगी। पुलिस के अनुसार पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। अभी कुछ भी स्पष्ट नहीं है कि कमरे में आग किस वजह से लगी। हालांकि यह चर्चा और अफवाह भी फैली हुई है कि रमन चावला ने अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर खुद ही आग लगा ली लेकिन पुलिस का कहना है कि जब तक जांच पूरी नहीं होती तब तक यकीन से नहीं कहा जा सकता। पड़ोसियों ने बताया कि उन्होंने घर से महिलाओं के चीखने की आवाज सुनी तो वे दौड़ कर गए। ऊपर के कमरे में आग लगी हुई थी और रमन उसमें जल रहा था। इस घटना से सेतिया कॉलोनी, संत कृपालनगर और हरमिलापी कॉलोनी सहित आसपास के रिहायशी इलाके में सनसनी फैल गई। रमन के पिता नरेश का निधन हो चुका है ।वह अपनी मां नीलम के साथ मंदिर से लगते घर में अलग से रहता था। इसी घर के पास उसका बड़ा भाई इंद्रजीत चावला अपने परिवार के साथ रहता है। आज दोपहर जब यह घटना हुई तो परिवार के लगभग सभी सदस्य घर में ही थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *