गुरुसर मोडिया के सरकारी स्कूल में चोरी
श्रीगंगानगर। सूरतगढ़ सदर थाना क्षेत्र के गांव गुरुसर मोरिया के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में चोरी की घटना सामने आई है। पुलिस के मुताबिक स्कूल के वाइस प्रिंसिपल सतपाल द्वारा दी गई रिपोर्ट पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस को रिपोर्ट देते हुए वाइस प्रिंसिपल ने बताया कि 2 फरवरी को स्कूल का एक कर्मचारी जब साफ सफाई कर रहा था, तब एक कमरे के ताले टूटे हुए थे।उसके द्वारा सूचना दिए जाने पर उसने स्कूल में जाकर चेक किया तो उक्त कमरे में रखा स्कूल का कुछ रिकॉर्ड, एक लैपटॉप,डिजिटल डोंगल, बीएसएनल वाई-फाई सिस्टम का अडॉप्टर आदि सामान गायब था। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल की। घटना के तीन दिन बाद कल अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। उल्लेखनीय है कि गुरुसर मोडिया के साथ लगते हनुमानगढ़ जिले के गोलूवाला थाना क्षेत्र के एक गांव के स्कूल में भी तीन-चार दिन पहले चोरी की वारदात हो गई थी। अज्ञात व्यक्ति स्कूल के एक कमरे के ताले तोड़कर अंदर अलमारी में रखें सोने-चांदी के कुछ जेवरात तथा नगद राशि चोरी कर ले गया था।
