Breaking News

एजीटीएफएंटी की बड़ी कार्रवाई: रांची से तस्करी कर लाया गया 15 करोड़ रुपये का 7003 किलो डोडा पोस्त पकड़ा

एजीटीएफएंटी की बड़ी कार्रवाई: रांची से तस्करी कर लाया गया 15 करोड़ रुपये का 7003 किलो डोडा पोस्त पकड़ा
– चावल की बिल-बिल्टी की आड़ में ट्रक कंटेनर से लाया जा रहा था पोस्त, कंटेनर को एस्कॉर्ट कर रही थी इनोवा गाड़ी
– गिरफ्तार तीनों आरोपी मध्य प्रदेश के निवासी, पोस्तसप्लाई करने जोधपुर ले जा रहे थे
– पुलिस से बचने वाहनों पर चिपका रखा था ऑन आर्मी ड्यूटी का स्टीकर
श्रीगंगानगर।
राजस्थान पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स(एजीटीएफ)  की सूचना पर दौसा जिले में  मानपुर थाना व जिला विशेष पुलिस दल (डीएसटी) ने बीती रात नेशनल हाईवे पर सीकरी मोड़ के पास नाकाबंदी में एक ट्रक कंटेनर से भारी मात्रा में करीब 7003 किलो डोडा पोस्त जब्त किया। साथ ही ट्रक कंटेनर के चालक व खलासी सहित एस्कॉर्ट कर रही लग्जरी गाड़ी इनोवा के चालक को गिरफ्तार किया गया है। जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 15 करोड़ रुपए आंकी गई है।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक(एजीटीएफ) दिनेश एमएन ने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपी मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं, जो 1300 किलोमीटर दूर झारखंड के नक्सल प्रभावित क्षेत्र रांची से चावल परिवहन के बिल एवं बिल्टी की आड़ में पोस्त तस्करी कर जोधपुर सप्लाई करने आ रहे थे। एजीटीएफ को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि झारखंड के नक्सल प्रभावित क्षेत्र से कुछ तस्कर राजस्थान के पश्चिमी जिलों में मादक पदार्थ की तस्करी कर रहे हैं। इसी क्रम में एजीटीएफ के हेड कांस्टेबल महेश कुमार सोमरा व महावीर सिंह को मादक पदार्थ तस्करी के संबंध में इनपुट प्राप्त हुए।सूचना की पुष्टि के बाद एजीटीएफ ने दौसा जिले की डीएसटी व थाना मानपुर टीम को सूचना दी कि महवा की तरफ आ रहे कर्नाटक नंबर के 10 चक्का एक ट्रक कन्टेनर में अवैध पोस्त भरा हुआ है, जो जयपुर होते हुए जोधपुर जाएगा। कंटेनर की एस्कोर्ट मध्य प्रदेश नंबर की एक इनोवा गाडी द्वारा की जा रही है।इस सूचना पर गुरुवार-शुक्रवार रात को दौसा डीएसटी एवं थाना मानपुर पुलिस द्वारा जयपुर आगरा नेशनल हाईवे पर सीकरी मोड़ पर नाकाबन्दी शुरू की। इसी दौरान महवा की तरफ से एक कन्टेनर और उसके आगे एक इनोवा आती दिखाई दी। पुलिस ने रुकने के लिये हाथ का इशारा किया तो इनोवा गाडी का चालक और कन्टेनर के कैबीन से दो व्यक्ति गाडी से निकल भागने लगे, जिन्हें घेर कर टीम ने पकड़ लिया।पुलिस ने भागने का कारण पूछा तो तीनों घबरा गये और कोई जबाव नहीं दिया। तसल्ली देकर नाम पता पूछा तो कन्टेनर चालक ने अपना नाम सोनू निशाद(35) पुत्र मांगीलाल बलाई व खलासी ने मनोजसिंह(32) पुत्र भगवान दास बैरवा निवासी अन्नानगर  थाना गोविन्दपुरा जिला भोपाल, मध्यप्रदेश एवं इनोवा के चालक ने हेमराज उर्फ बबलू(47) पुत्र राधाकिशन बैरवा निवासी प्रकाशनगर थाना नीलगंगा जिला उज्जैन,मध्यप्रदेश होना बताया। कन्टेनर मे प्लास्टिक के कट्टे अलग अलग काले, सफेद, हरे व पीले रंग के खाद्यान्नों के कट्टे रखे थे। उन्होंने बताया कि तलाशी में कंटेनर में कुल 386 प्लास्टिक के कट्टे मिले, जिनमें 7002 किलो 710 ग्राम डोडा पोस्त मिला। पुलिस ने जब मादक पदार्थ की खरीद फरोख्त के बारे में पूछा तो इनोवा चालक हेमराज उर्फ बबलू ने बताया कि  3 फरवरी की रात को रांची (झारखण्ड) में उन्हें  पोस्त से भरा कन्टेनर जालाराम उर्फ जालजी ने रांची से जोधपुर में बालेसर पहुँचाने के लिये कह कर रवाना किया था।  गाड़ी के रजिस्ट्रेशन व बीमा पॉलिसी की फोटोप्रति वाट्सएप पर तथा खर्चे के लिए पैसे दिए। केबिन की तलाशी में माँ दिवरी राइस मिल्स प्राइवेट लिमिटेड के बिल व एमएस झारखण्ड लुधियाना ट्रान्सपोर्ट के बिल्टी की मूल प्रतियां मिली।पुलिस से बचने के लिए इन तस्करों ने अपने वाहनों पर ऑन आर्मी ड्यूटी का स्टीकर लगा रखा था, जिससे उन्हें कोई ना रोके। इसके अतिरिक्त ट्रक कंटेनर में रखें डोडा पोस्त के कट्टों के नीचे कंक्रीट-रोड़ी की बड़ी परत थी ताकि कांटे पर वजन सही आए। आरोपियों के विरुद्ध थाना मानपुर पर एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान के लिए प्रकरण एसएचओ सिकंदरा अशोक कुमार को सौंपा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *