Breaking News

एनआरआई बहू को दहेज के लिए सताने पर ससुराल वालों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज

एनआरआई बहू को दहेज के लिए सताने पर ससुराल वालों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज
– पीड़िता के पिता ने दामाद पर लगाया देश विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप
श्रीगंगानगर।
श्रीगंगानगर के महिला थाना में सीमावर्ती श्रीकरनपुर तहसील क्षेत्र में चक 7-एफएफ निवासी एक परिवार पर अपनी एनआरआई बहू को दहेज के लिए सताने के आरोप में मुकदमा दर्ज हुआ है।पीड़ित युवती के पिता ने मुकदमे में अपने दामाद पर देश विरोधी गतिविधियों में शामिल होने तथा इस कारण कनाडा से भाग कर भारत आने का भी आरोप लगाया है। पुलिस के अनुसार स्थानीय अमृत विहार कॉलोनी निवासी शमशेरसिंह द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर विपिनदीपसिंह, उसके पिता अमृतपालसिंह और मां अमरजीतकौर निवासी चक 7-एफएफ के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 406 और 498-ए के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच थाना प्रभारी सीआई सुमन जयपाल कर रही हैं। पुलिस के अनुसार शमशेरसिंह ने बताया है कि उसकी बेटी राजविंदरकौर की शादी विपिनदीप के साथ 24 फरवरी 2017 को श्रीगंगानगर के जी ब्लॉक में स्थित गुरुनानक दरबार गुरुद्वारा में संपन्न हुई थी। शादी में उन्होंने अपनी पुत्री राजवीर को उपहार में सोने-चांदी के आभूषण तथा घरेलू सामान दिया था। शादी से पहले ही ससुराल वाले दहेज की मांग करने लगे थे। सगाई के बाद शादी में उन्होंने इनोवा कर की मांग की। उसने बड़ी मुश्किल से रूपयों की व्यवस्था कर इनोवा कर दी थी। शादी के बाद तीनों आरोपी उसकी पुत्री को दहेज की मांग को लेकर लगातार परेशान करने लगे। आरोपी उसकी पुत्री पर पीहर से नगद 50 लाख रुपए लाकर देने का दबाव बनाने लगे। शमशेरसिंह के अनुसार उसने तथा उसकी पुत्री ने कहा कि शादी में अत्यधिक खर्च होने के कारण उनकी यह नाजायज मांग पूरी नहीं की जा सकती। उसकी पुत्री राजविंदरकौर कनाडा में रह रही थी। यहां बुलाकर उसकी शादी की गई थी।राजविंदरकौर को ससुराल वाले तंग परेशान करते हुए दबाव बढ़ाने लगे कि वह जल्द से जल्द विपिनदीप को कनाडा अपने साथ लेकर जाए। वर्ष 2022 में राजविंदरकौर कनाडा से इंडिया आई, तब आरोपियों ने कहा कि वह उसकी पुत्री को तभी बसाएंगे, जब वह विपिनदीप को कनाडा लेकर जाएगी। इस पर उसने तथा उसकी पुत्री ने 21 लाख रुपए एंबेसी की फीस तथा अन्य खर्चे भरे। तब उसकी पुत्री विपिनदीप को अपने साथ कनाडा ले गई।शमशेरसिंह का आरोप है कि कनाडा में विपिनदीपसिंह राजविंदरकौर लगातार तंग परेशान तथा मारपीट करता। गलत कृत्य और भारत देश विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के कारण वह कनाडा से भाग कर चक 7-एफएफ श्रीकरनपुर में आ गया।अब भी विपिनदीप द्वारा 25 लाख रुपए की मांग की जा रही है और धमकी दे रहा है कि वह कनाडा में उसकी बेटी को मरवा देगा। उसका भी कुछ पता नहीं चलेगा। शमशेरसिंह ने मुकदमे में कहा है कि उसे पता चला है विपिनदीप का देश विरोधी संगठनों से संबंध है। वह देश विरोधी गतिविधियों में शामिल भी रहता है और कभी भी विदेश भाग सकता है। उसने पुलिस से आग्रह किया है कि विपिनदीप के पासपोर्ट को जल्द जब्त किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *