Breaking News

युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत

युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत
श्रीगंगानगर।
स्थानीय सदर थाना अंतर्गत चक 5-वाई के पास गुरुवार-शुक्रवार की मध्य रात्रि एक युवक की रेलगाड़ी की चपेट में आने से मृत्यु हो गई। पुलिस के अनुसार घटना की सूचना मिलने पर रात्रि कालीन प्रभारी हवलदार सत्यनारायण कूकणा मौके पर पहुंचे। उन्होंने मौके की कार्यवाही के बाद लाश को जिला अस्पताल के मुर्दाघर में सुरक्षित रखवा दिया। मृतक युवक 20 से 25 वर्ष आयु का था, जिसके हाथ पर हिंदी में नाम अरुण गुदा हुआ था। उसके गले में चांदी के बालाजी वाला लॉकेट पहना हुआ था। पहने हुए कपड़ों में पहचान के लायक कुछ भी नहीं मिला। मृतक युवक की पहचान के लिए पुलिस ने उसकी तस्वीरें सोशल मीडिया में जारी की। दोपहर बाद उसकी पहचान जवाहरनगर थाना इलाके में इंदिरा चौक के नजदीक अंबेडकर पार्क के पास रहने वाले अरुण धानका (23) के रूप में हुई। उसके पिता कालिया और परिवार के अन्य लोगों ने जिला अस्पताल के मुर्दाघर में जाकर लाश को पहचाना। पुलिस ने बताया कि कालिया द्वारा दी गई रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज की गई है। पोस्टमार्टम करवाने के बाद लाश परिवार वालों के सुपुर्द कर दी गई। अरुण दुर्घटनावश रेलगाड़ी की चपेट में आया या उसने खुदकुशी की है,अभी इसका कोई अंदाजा नहीं है।पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *