सुखाडिया शॉपिंग सेंटर में वर्कशॉप से जीप चोरी करने के आरोप में युवक गिरफ्तार, बहुत शातिर है आरोपी
श्रीगंगानगर। स्थानीय सुखाडिया शॉपिंग सेंटर में एक हुड मेकर वर्कशॉप पर मरम्मत के लिए आई महिंद्रा डीआई मॉडल की जीप चोरी करने के आरोप में जवाहरनगर थाना पुलिस ने श्रीकरणपुर के एक युवक समीर शर्मा को गिरफ्तार किया है। समीर शर्मा बहुत ही शातिर वाहन चोर है। उसे पिछले हफ्ते ही पदमपुर पुलिस ने एक अन्य युवक के साथ मिलकर 9 मोटरसाइकिल चोरी करने के आरोप में गिरफ्तार किया था। जवाहरनगर थाना पुलिस उसे श्रीकरणपुर उपकरण गृह से प्रोडक्शन वारंट के आधार पर पूछताछ के लिए लेकर आई है। सुखाडिया शॉपिंग सेंटर में एक हुड मेकर वर्कशॉप पर 26 दिसंबर को सुरेंद्र निवासी 289 आरडी जिला बीकानेर अपनी डीआई मॉडल की जीप रिपेयरिंग के लिए लेकर आया था। वह जीप को वर्कशॉप पर छोड़कर बाजार चला गया। कुछ ही देर बाद एक युवक वर्कशॉप पर आया और मिस्त्री से बोला कि मालिक ने जीप लेने के लिए उसे भेजा है। मिस्त्री ने उसे चाबी दे दी और वह जीप लेकर चला गया। बाद में सुरेंद्र आया तो खुलासा हुआ कि कोई अज्ञात युवक जीप लेकर चला गया है। पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को देखा तो एक युवक पास में ही एक मोटरसाइकिल पर आते और वहीं मोटरसाइकिल छोड़कर वर्कशॉप से जीप ले जाते हुए दिखाई दिया। उसके द्वारा वहां छोड़ गया मोटरसाइकिल भी कुछ देर पहले गौशाला रोड पर एक बैंक के आगे से चोरी किया गया था। यह मोटरसाइकिल भी पुलिस के एक सिपाही मनमोहन का था। सुरेंद्र की रिपोर्ट पर अज्ञात चोर के खिलाफ जीप चोरी करने का मुकदमा दर्ज किया गया जबकि मनमोहन सिपाही ने रिपोर्ट दर्ज नहीं करवाई। जीप चोरी की जांच कर रहे हवलदार गुरमेलसिंह ने बताया कि श्रीकरनपुर की गिल कॉलोनी निवासी समीर शर्मा ने उसी रोज ही चुराई हुई जीप श्रीकरणपुर में लावारिस छोड़ दी थी। समीर नशा करने का आदि है। वह पहले श्रीगंगानगर में हनुमानगढ़- सूरतगढ़ बाईपास पर स्थित एक बड़े अस्पताल में सिक्योरिटी इंचार्ज की नौकरी करता था। बाद में वह वाहन चोरी करने में लग गया। वह पहली बार पिछले हफ्ते पदमपुर पुलिस के हाथों पकड़ा गया। समीर और उसके एक साथी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी के 9 मोटरसाइकिल बरामद किए थे। इसी दौरान ही पता चला कि समीर ने श्रीगंगानगर से युक्त जीप भी चोरी की थी।
