अपनी सुरक्षा में लगे पुलिस कर्मियों को शराब के नशे में पीट डाला, मुकदमा दर्ज
श्रीगंगानगर। मोबाइल फोन पर धमकी मिलने के मध्यनजर जिला पुलिस द्वारा सुरक्षा के लिए मुहैया करवाए गए पुलिस कर्मियों को शराब के नशे में पीट देने की घटना सामने आई है।मटीली राठान थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर सुभाष बिश्नोई ने बताया कि इस संबंध में एक सिपाही द्वारा रिपोर्ट दिए जाने पर मुकदमा दर्ज किया गया है।उन्होंने बताया कि श्रीगंगानगर में रिद्धि सिद्धि कॉलोनी (तृतीय) निवासी अजय आहूजा (पुत्र पूर्णचंद आहूजा) को किसी धमकी के मामले में जिला पुलिस से सुरक्षा मिली हुई है। उसके साथ एक सिपाही ठाकरराम सुरक्षा की दृष्टि से रहता है। अजय आहूजा का ससुराल मटीली राठान थाना क्षेत्र में चक 19 जैड़ में है। अजय का साला ऑस्ट्रेलिया से परसों गुरुवार को वापस अपने गांव आया तो उसके परिवार ने स्वागत में कार्यक्रम रखा था् अजय आहूजा इसी कार्यक्रम में अपने सुरक्षाकर्मी सिपाही के साथ आया था।मटीली राठान थाने से भी एक सिपाही शंकरलाल को सुरक्षा की दृष्टि से वहां भेजा गया था। थाना प्रभारी के अनुसार 6 फरवरी की रात लगभग 9:30 बजे अजय आहूजा ने शराब के नशे में दोनों सिपाहियों से हाथापाई की और उनको पीट डाला। सिपाही ठाकरराम द्वारा दी गई रिपोर्ट पर अजय आहूजा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 121(1) 132 और 221 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
