जिला पुलिस को मिली एक दर्जन एफआरवी गाडियां, एसपी ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
– 112 नंबर पर सूचना प्राप्त होने पर यह गाड़ियां तुरंत घटनास्थल पर पहुंचेंगी
श्रीगंगानगर। राज्य पुलिस मुख्यालय से श्रीगंगानगर जिला पुलिस को एक दर्जन पुलिस मोबाइल यूनिट वाहन (एफआरवी) 112 मिले हैं। इन वाहनों को स्थानीय पुलिस लाइन में आज सुबह पुलिस अधीक्षक गौरव यादव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर जिला पुलिस के अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इसके साथ ही पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस लाइन के सभागार में आज जिले भर के पुलिस अधिकारियों के साथ मासिक अपराध समीक्षा बैठक भी की गई। पुलिस अधीक्षक के अनुसार उक्त एक दर्जन वाहन जिले के विभिन्न पुलिस थानों को आवंटित किए गए हैं। जानकारी के अनुसार श्रीगंगानगर में कोतवाली, जवाहरनगर और सदर थाना को दो-दो गाड़ियां एवं पुरानी आबादी थाना को एक गाड़ी दी गई है। पुरानी आबादी थाना अधीन पुलिस चौकी नहीं है, इसलिए एक गाड़ी उसे मिली है। बाकी तीन थाना क्षेत्र में पुलिस चौकियां होने के कारण दो-दो गाड़ियां दी गई हैं। शेष गाड़ियां जिले के दूसरे थानों में भेजी गई हैं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इन गाड़ियों में एक एएसआई, दो हवलदार और दो सिपाहियों का जाब्ता तैनात रहेगा। यह गाड़ियां एमटीडी कैमरा,एनवीआर, जीपीएस और वायरलेस सेट से लैस हैं। यह गाड़ियां किसी भी तरह की घटना की सूचना मिलने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर पीड़ित की सहायता करेंगी।उन्होंने बताया कि अभय कमांड कंट्रोल सेंटर और डायल 112 को जोड़ते हुए पुलिस मोबाइल यूनिट का गठन किया गया है। अपराध समीक्षा बैठक में पुलिस अधीक्षक ने जिले भर के अधिकारियों के साथ कानून व्यवस्था एवं अपराधों पर चर्चा करते हुए लंबित मुकदमों को शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए।उन्होंने पिछले जनवरी महीने में पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए गए अभियान साइबर शील्ड,रोड सेफ्टी और मादक पदार्थों के विरुद्ध की गई कार्यवाहियों की समीक्षा की।
