संदिग्ध अवस्था में करंट लगने से युवक की मौत
श्रीगंगानगर। हनुमानगढ़ जंक्शन थाना क्षेत्र में रीको उद्योग विहार में स्थित बिजली के ग्रिड सब स्टेशन(जीएसएस)के नजदीक एक खंबे से एक युवक को संदिग्ध परिस्थितियों में करंट लग गया। उसकी इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। पुलिस के अनुसार मृतक युवक की पहचान अरशद खान (30) पुत्र बाकर खान निवासी जंडावाली के रूप में हुई है। घटना 6 फरवरी की शाम लगभग 7:30 बजे की है। बिजली का करंट लगने से बुरी तरह से झुलसे अरशद खान को इलाज के लिए जयपुर ले जाया जा रहा था कि वह रास्ते में दम तोड़ गया। उसके एक परिजन सरदार खान द्वारा दी गई रिपोर्ट पर कल मर्ग दर्ज की गई है।जांच कर रहे एएसआई खेमराज ने बताया कि विद्युत निगम के एक सहायक अभियंता ने भी थाने में रिपोर्ट दी है जिसमें बताया गया है कि अरशद खान 6 फरवरी की शाम 7:30 बजे जीएसएस के नजदीक बिजली के एक खंबे पर चोरी करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान उसे करंट लग गया।जांच अधिकारी ने बताया कि मृतक अरशद खान नशा करने का आदी था। उसके घर वालों का कहना है कि वह उस दिन शाम को किसी काम से हनुमानगढ़ जाने का कहकर घर से गया था। उसकी लाश पोस्टमार्टम होने के बाद परिवार वालों को दे दी गई।उन्होंने बताया कि दोनों तरफ से दी गई रिपोर्ट के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
