स्कूली छात्र से छेड़खानी करने के आरोप में युवक के खिलाफ प्रकरण दर्ज
श्रीगंगानगर। चूनावढ में वाटर वर्क्स के नजदीक सरकारी स्कूल में पढ़ने वाली 11वीं कक्षा की एक छात्रा के साथ एक युवक द्वारा छेड़खानी किए जाने का मामला थाने में दर्ज हुआ है। पुलिस के मुताबिक थाना क्षेत्र के एक गांव की निवासी 17 वर्षीय यह लड़की एक्टिवा पर स्कूल में पढ़ने के लिए आती-जाती है। उसके पिता ने कुलदीप निवासी चूनावढ पर उसकी बेटी को स्कूल आते-जाते रास्ते में छेड़खानी करने का आरोप लगाया है। आरोप लगाया गया है कि कुलदीप लड़की को रास्ते में रोक लेता है और धमकाता है कि वह उससे बात करें नहीं तो उसके छोटे भाई को वह गोली मार देगा। कुलदीप यह भी धमकी दे रहा है कि वह उसी के साथ शादी करें। अन्यथा वह किसी और से उसकी शादी नहीं होने देगा। उक्त शख्स के मुताबिक उन्होंने कुलदीप को दो-तीन बार समझाया। इस बात को लेकर पंचायत भी की गई लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
