अधेड़ व्यक्ति की नहर में गिरने से मौत
श्रीगंगानगर। केसरीसिंहपुर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की नहर में गिरने से मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक कल शाम चक 19-एफ के नजदीक कुछ किसान खेतों में काम कर रहे थे।तब उन्होंने नहर के मोघे में एक व्यक्ति की लाश अटके हुए देखी। उन्होंने पुलिस को सूचना देने के साथ ही लाश को बाहर निकाल लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के पहने कपड़ों की तलाशी ली तो उसमें मोबाइल फोन मिला मोबाइल के सिम कार्ड को दूसरे मोबाइल में जैसे ही लगाया तो उसे पर आई कॉल से पता चला कि मृतक मदनलाल जाट (50) निवासी चक 42-एच है,जिसे परिवार वाले कल दोपहर से ही तलाश कर रहे थे। मामले की जांच करें हवलदार चैनसिंह ने बताया कि मदनलाल के बेटे जितेंद्र द्वारा दी गई रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज की गई है। परिवारजनों ने बताया कि मदनलाल कल सुबह करीब 10 बजे किसी काम से श्रीकरनपुर जाने का कहकर मोटरसाइकिल पर घर से गया था। दोपहर को उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया तब से वह उससे संपर्क करने के साथ ही उसकी तलाश कर रहे थे। पुलिस ने आज लाश पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिवार वालों के सुपुर्द कर दी। पुलिस ने बताया कि मदनलाल का मोटरसाइकिल अभी तक नहीं मिला। उसकी तलाश की जा रही है।अभी यह भी स्पष्ट नहीं है कि मदनलाल नहर में कैसे गिर गया? पुलिस द्वारा पूरे घटनाक्रम की जांच की जारही है।
